3 साल बाद गिरफ्तार हुआ रेपकांड आरोपी: कृष्णानगर पुलिस ने किया अरेस्ट, दिल्ली में कर रहा था सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी
लखनऊ, अमृत विचार: बच्ची से दुष्कर्म मामले में दोष सिद्ध होने के बाद से फरार चल रहे आरोपी को कृष्णानगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फरार होने के बाद दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि वर्ष 2015 में 13 वर्षीय किशोरी संग दुष्कर्म मामले में पिता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी राहुल कुमार निवासी नंदनगर नटखेड़ा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
आरोपी जमानत पर था। फरवरी 2023 में पेशी के दौरान दोष सिद्ध हाेने पर पॉक्सो न्यायिक मजिस्ट्रेट ने फैसला सुनाया था। उसके साथ ही आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में लेने का आदेश दिया था। यह देख आरोपी राहुल पुलिस को चकमा देकर कोर्ट से फरार हो गया था।
उसी रात आरोपी ट्रेन में बैठकर दिल्ली गया। वहां दाढ़ी-मूछें बढ़ाने के बाद कर्नल सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने लगा। इस दौरान उसने परिवार से भी संपर्क नहीं किया। 3 दिसंबर को वह चोरी छिपे लखनऊ परिवार से मिलने आया था। मौका देख वह घर पहुंचा, तभी पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
