कैसरबाग बस स्टेशन पर टिकट के लिए सोशल डिस्टेंसिंग भूले यात्री
लखनऊ, अमृत विचार। राज्य सड़क परिवहन निगम के कैसरबाग बस स्टेशन पर बुधवार दोपहर अचानक यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ का आलम यह रहा कि टिकट काउंटर पर यात्रियों की लंबी लाइन लग गई। लिहाजा यात्री टिकट पाने के चक्कर में सोशल डिस्टेंसिंग भूल बैठे। यात्री एक दूसरे से सटकर लाइन में लगते रहे। …
लखनऊ, अमृत विचार। राज्य सड़क परिवहन निगम के कैसरबाग बस स्टेशन पर बुधवार दोपहर अचानक यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ का आलम यह रहा कि टिकट काउंटर पर यात्रियों की लंबी लाइन लग गई। लिहाजा यात्री टिकट पाने के चक्कर में सोशल डिस्टेंसिंग भूल बैठे।
यात्री एक दूसरे से सटकर लाइन में लगते रहे। टिकट नहीं मिलने पर एक दूसरे को धक्का मुक्की करते नजर आये । वहां मौजूद स्टेशन इंचार्ज सबकुछ देखते रहे। पर कोरोना वायरस के खतरे से बेफ्रिक रहे।
यात्री और स्टेशन इंचार्ज की इस लापरवाही पर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के शाखाध्यक्ष रजनीश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों की भीड़ को अलग-अलग किया। काउंटर के सामने लगी यात्रियों की लाइन को हटाकर दूसरे जगह शिफ्ट किया। ताकि बस का टिकट लेने के दौरान यात्री एक दूसरे से नजदीक ना पहुंच सके। बस अड्डे पर यात्रियों और स्टेशन प्रबंधन की लापरवाही से अन्य यात्री सकते में रहे।
बस स्टेशन पर कोरोना गाइड़ लाइन का कोई पालन नहीं
रोडवेज की सबसे भीड़ भाड़ वाले कैसरबाग बस अड्डे पर कोरोना गाइड लाइन का पालन कागजों पर कराया जा रहा है। दिखावे के लिए यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग हो रही है। यात्री बिना मुंह पर मास्क लगाए प्रवेश कर रहे हैं। बस के भीतर यात्री खड़े होकर सफर करने को मजबूर है। जबकि बस में सीटों की संख्या के आधार पर ही यात्रियों को बैठाना था। ऐसे में निगम प्रशासन की लापरवाही यात्रियों पर भारी पड़ती नजर आ रही है।
