सुलतानपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर भेजा गया पुलिस लाइन
सुलतानपुर, अमृत विचारः कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश गुरुवार को सड़कों पर दिखाई दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व और शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की मौजूदगी में जिले भर से आए कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय घेराव के लिए पयागीपुर ट्रांसपोर्ट नगर की ओर पैदल मार्च के लिए निकले।
कांग्रेसियों के मार्च की सूचना पर जिला पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर रहा। प्रदर्शनकारियों को शहर के लाल डिग्गी चौराहे पर रोक लिया गया। भाजपा कार्यालय जाने की जिद पर अड़े कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा, नि. राष्ट्रीय मीडिया कोर्डिनेटर राजेश तिवारी, पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी वरुण मिश्र, राहुल त्रिपाठी, फिरोज अहमद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेज दिया।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि भाजपा और ईडी का कथित गठजोड़ अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। पिछले एक दशक से भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यंग इंडियन मामले में माननीय न्यायालय के फैसले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई न केवल अवैध है, बल्कि दुर्भावना से प्रेरित भी है। यह फैसला सत्य, न्याय और संविधान की जीत है।
प्रदर्शन में पूर्व प्रदेश सचिव राहुल त्रिपाठी, सरदार रणजीत सिंह सलूजा, सलाउद्दीन हाशमी, राजेश तिवारी, वरिष्ठ नेता हरीश त्रिपाठी, शरद श्रीवास्तव, मानस तिवारी, जिला पंचायत सदस्य नरेश चंद्र उपाध्याय ‘दीपू’, अतहर नवाब, रियाज अहमद लड्डू, हामिद राइनी, ममनून आलम, सुब्रत सिंह सनी, सुरेश चंद्र मिश्र, मोहित तिवारी, मोहसिन सलीम, आमिर पठान, श्याम लगन कोरी, संतोष वर्मा, विवेक श्रीवास्तव, विनोद पांडेय, राम भवन पांडेय, संजय श्रीवास्तव, इश्तियाक अहमद, अशोक कुमार सिंह, विवेक सिंह ‘रफ्तार’, मोहम्मद अरशद पवार, सियाराम तिवारी, रणवीर सिंह, अरबाज अहमद, अवधेश गौतम ‘गुड्डू’, अतीक अहमद, विनय त्रिपाठी, रणवीर सिंह, जनेश्वर उपाध्यक्ष हरीश कुमार पाठक, श्याम नंदन शुक्ल, विकास मिश्र आदि रहे।
