मतदाता सूची से कटेंगे 12 लाख मतदाताओं के नाम, कल प्रकाशित होगी लिस्ट, बचेंगे 28 लाख मतदाता
31 जनवरी तक कर सकेंगे आपत्ति, जुड़वा सकेंगे नाम, 28 फरवरी को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
गोपाल सिंह, लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी में मतदाता सूचियों से करीब 12 लाख मतदाताओं के नाम कट जाएंगे। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) पूरा होने के बाद लगभग 28 लाख मतदाता बचेंगे। एसआईआर शुरू होने से सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में 39,94535 मतदाता थे। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से 31 दिसंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद जिनका नाम छूट गया है 31 जनवरी तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। साथ ही मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकेंगे। आपत्तियों की सुनवाई और निस्तारण के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
50 हजार मतदाताओं का दो जगह दर्ज था नाम
राजधानी में एसआईआर के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजरों को करीब 4.25 लाख मतदाता ढूंढे नहीं मिले। इसके अलावा करीब 5.35 लाख मतदाता ऐसे थे जो स्थाई रूप से दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके हैं। लगभग 1.30 लाख मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है। 50 हजार मतदाताओं का नाम दो जगह दर्ज था। इसके अलावा 58000 ने एसआईआर फार्म यहां नहीं भरा क्योंकि वे अपने मूल निवास में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना चाहते हैं।
5 लाख मतदाताओं की नहीं हुई मैपिंग, जारी होगी नोटिस
31 दिसंबर को मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन के बाद करीब 5 लाख मतदाताओं को ईआरओ की ओर से नोटिस जारी की जाएगी। इसका मुख्य कारण 2003 की मतदाता सूची से नाम नहीं होने से मैपिंग न हो पाना बताया जा रहा है। ऐसे मतदाताओं को 2003 की मतदाता सूची में नाम न होने का कारण और अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी में से किसी का मतदाता पहचान संख्या बतानी होगी।
