बहराइच में एक और आदमखोर भेड़िया ढेर, रेस्क्यू टीम ने किया शूट, ग्रामीणों को राहत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कैसरगंज वन रेंज क्षेत्र में वन विभाग ने मंगलवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और आदमखोर भेड़िए को मार गिराया। बीते 48 घंटों में यह दूसरा भेड़िया है, जिसे वन विभाग की टीम ने ढेर किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को भिरयापुरवा गांव के पास भेड़िए की मौजूदगी की सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखकर भेड़िया खेतों की ओर भागने लगा। काफी देर तक पीछा करने के बाद शूटर ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से भेड़िया मौके पर ही ढेर हो गया। 

अधिकारियों ने बताया कि मारा गया भेड़िया नर था और उसकी उम्र लगभग चार वर्ष बताई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। इससे पहले रविवार को भी वन विभाग की टीम ने इसी इलाके के बिरजापुरिया क्षेत्र में एक भेड़िए को मार गिराया था। अधिकारियों के मुताबिक अब तक कुल आठ आदमखोर भेड़ियों को ढेर किया जा चुका है। 

अधिकारियों ने बताया कि बीते चार महीनों में भेड़ियों के हमलों में 11 मासूम बच्चों और एक बुजुर्ग दंपति सहित कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल रहा। हालांकि वन विभाग की सक्रियता के चलते पिछले दो सप्ताह से भेड़ियों के हमले की कोई नई घटना सामने नहीं आई है। वन विभाग का कहना है कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और शेष संभावित खतरे को समाप्त करने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। 

संबंधित समाचार