बाराबंकी : पूजा को डीएम ने किया सम्मानित, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार जीतकर बढ़ाया जिले का मान
डीआईओएस और बीएसए ने भी थपथपाई पीठ
बाराबंकी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित पूजा और उनके गाइड शिक्षक राजीव श्रीवास्तव को आज जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने विशेष रूप से सम्मानित किया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीएम ने दोनों को बधाई दी और पूजा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने पूजा से उनके पुरस्कार प्राप्त करने के अनुभव, अब तक किए गए प्रोजेक्ट्स और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पूजा जैसी प्रतिभाशाली बच्चों को पहचान और प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है। पूजा और उनके गाइड शिक्षक का समर्पण, मेहनत और मार्गदर्शन अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी ने कहा कि पूजा की उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि सही दिशा और निरंतर परिश्रम से बच्चे किसी भी चुनौती को पार कर सकते हैं। ऐसे होनहार बच्चों को हर स्तर पर सहयोग दिया जाना चाहिए। इस दौरान सीडीओ अ. सुदन, बीएसए नवीन कुमार पाठक और डीपीओ सूरज सिंह मौजूद रहे।
इसी क्रम में कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी में भी पूजा और उनके गाइड शिक्षक को सम्मानित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने कहा कि पूजा की सफलता जिले के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा है और इससे बच्चों में नवाचार व सृजनशीलता को बढ़ावा मिलेगा।
बीएसए कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मसौली जैनेंद्र कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी निंदूरा सुषमा सेंगर, खंड शिक्षा अधिकारी बंकी चंद्र शेखर यादव तथा स्टेनो राहुल शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूजा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
