Bareilly :नगर निगम की जमीन पर रेस्टोरेंट और दुकानें, सात लोगों को नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज में नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से ढाबे, रेस्टोरेंट, मेडिकल स्टोर और साइकिल स्टोर बनाए जाने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने सात लोगों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में 15 दिन में अवैध निर्माण को हटाने और न हटाने पर जुर्माना और ध्वस्तीकरण की चेतावनी दी है।

नगर निगम के वार्ड नंबर 22 सीबीगंज में स्थित गांव खलीलपुर में कुछ लोगों ने सड़क और फुटपाथ की भूमि पर अतिक्रमण कर होटल, मेडिकल स्टोर, साइकिल स्टोर और अन्य दुकानें खोल रखी हैं। एक्सईएन राजीव राठी ने बताया कि खलीलपुर में मेडिकल स्टोर के सामने लगभग 128 वर्ग मीटर जमीन पर नियमों के खिलाफ निर्माण किया गया। 12 दिसंबर को किए निरीक्षण में सामने आया कि इसके अलावा भी कई संस्थानों और प्रतिष्ठानों को सड़क की सीमा में अवैध रूप से बढ़ाया गया है। 

ऐसे सात प्रतिष्ठान अतिक्रमण की जद में आ गए हैं। सभी को 15 दिन की मोहलत दी गई है। यदि अवैध निर्माण नहीं हटाया तो निगम ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर सारा खर्च निर्माणकर्ता से वसूलेगा। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि नगर निगम की इस कार्रवाई का मकसद शहर की सड़कों और सरकारी जमीन को अतिक्रमण से बचाना है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। कहा कि पहले भी स्पष्ट किया जा चुका है कि अतिक्रमण के मामलों में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज