सुलतानपुर : विपक्षी को फंसाने की साजिश में खुद फंसा युवक, मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर, अमृत विचार। पहले मारपीट, फिर फर्जी फंसाने की साजिश। लेकिन इस बार चाल उलटी पड़ गई। विपक्षी को अवैध तमंचे के मामले में फंसाने की साजिश रचने वाला युवक खुद ही कानून के शिकंजे में आ गया। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों ने सारा सच सामने ला दिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर लिया।

कुड़वार थाना क्षेत्र के पूरे भुलई सरैया पूरे विसेन निवासी फिरोज अहमद पुत्र शौकत अली के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को उसके भाई जावेद के साथ मारपीट हुई थी, जिसको लेकर कुड़वार थाने में मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में इलाज के लिए दो जनवरी को वह अपने भाई को लेकर जिला अस्पताल सुलतानपुर पहुंचा था। उसने मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर में खड़ी की थी। 

इलाज के बाद लौटते समय पुलिस चेकिंग के दौरान उसकी बाइक की डिग्गी से अवैध तमंचा बरामद हुआ। इस पर फिरोज अहमद ने तत्काल पुलिस को बताया कि तमंचा उसका नहीं है, बल्कि उसका विपक्षी आरिफ पुत्र शहबान, जो उस समय अस्पताल में मौजूद था, ने उसे फंसाने के लिए बाइक में रखा है। युवक ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस द्वारा अस्पताल परिसर के सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई गई, जिसमें आरिफ को बाइक की डिग्गी में तमंचा रखते हुए साफ तौर पर देखा गया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद साजिश का पर्दाफाश हो गया।

इसके बाद फिरोज अहमद की तहरीर पर नगर कोतवाली में आरोपी आरिफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नगर कोतवाल धीरज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार