Moradabad: महिला कर्मचारी से छेड़खानी का आरोपी कानूनगो गिरफ्तार
ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। सहायक चकबंदी अधिकारी के दफ्तर में तैनात कानूनगो पर कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी से बदसलूकी करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला कर्मचारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 जनवरी को जब वह ऑफिस आई तो कानूनगो होशियार सिंह नशे की हालत में कार्यालय पहुंचा। उसने अपशब्द बोलते हुए उससे मिठाई खाने को कहा। इंकार किया तो जबरन उसे पकड़कर उसके मुंह में मिठाई ठूंसने लगा। कहा कि बता कितने रुपए लेगी, मैं दूंगा। पैसे ले और जो मैं कहता हूं वो काम कर। इसके बाद आरोपी अश्लील हरकतें करने लगा।
शोर सुनकर स्टाफ ने महिला कर्मचारी को बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था। शनिवार को आरोपी थाने में भी पीड़िता को पैसे ऑफर करने की बातें कबूल करता रहा। एसडीएम के आदेश पर कानूनगो का मेडिकल परीक्षण कराया गया। जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई है।
