Bareilly: सिटी बस सेवा...किराये में कटौती से सवारियों की संख्या में इजाफा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में एसी सिटी बसों के किराये में कटौती से सवारियों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। आंकड़े भी यही बता रहे हैं। चार दिन पहले जहां प्रतिदिन अधिकतम 1500 सवारियां मिल रही थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर दो हजार पहुंच गई है।

पिछले माह तक बरेली में सिटी बस सर्विसेज के तहत संचालित 25 ई-बसों में न्यूनतम किराया 12 रुपये था। शहर के तीन रूटों के 60 स्टॉपेज पर ठहराव के बावजूद ई-बसों में सवारियों की संख्या कम थी। यात्रियों के फीडबैक के बाद इन बसों में न्यूनतम किराया पांच रुपये कर दिया गया।। संशोधित किराया एक जनवरी से लागू हो गया।

सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के अधिकारी बताते हैं कि कम किराया होने से यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। सुरक्षा के लिहाज से बसों में सीसीटीवी कैमरे हैं। रोजाना दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, छात्र और बाजार आने-जाने वाले लोग अब ऑटो या निजी वाहनों के बजाय एसी बसों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
ई-बस सेवा एप से मिल रही लाइव लोकेशन

यात्री ई-बस सेवा एप पर बसों की लाइव लोकेशन, आगमन समय और रूट की पूरी जानकारी आसानी से प्राप्त करते हैं। एप के माध्यम से उनकी बस इस समय कहां है, स्टॉप तक पहुंचने में कितना समय लगेगा और कौन-कौन से रूट उपलब्ध हैं।

सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज प्रबंध संचालक मनीषा दीक्षित ने बताया कि किराया घटाने का फैसला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है। न्यूनतम पांच रुपये में एसी बसों की आरामदायक, सुरक्षित और प्रदूषण-मुक्त यात्रा लोगों को पसंद आ रही है। यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

 

संबंधित समाचार