Lucknow News:एक सप्ताह बाद भी ठीक नहीं हुई सिविल की डिजिटल एक्सरे मशीन, लौटाए जा रहे मरीज
थाइरॉयड जांच की भी दो में से एक मशीन खराब
लखनऊ, अमृत विचार : हजरतगंज स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल (सिविल) में थॉयराइड और डिजिटल एक्सरे जांच बंद होने से मरीज परेशान हैं। ओपीडी के मरीजों को दूसरे सरकारी अस्पताल या निजी केंद्रों पर जांच करानी पड़ रही है। एक सप्ताह से खराब मशीनों को अस्पताल प्रशासन जल्द सही करवाने का दावा ही कर रहा है।
सिविल अस्पताल की ओपीडी में रोजाना तीन से चार हजार मरीज पहुंचते हैं। इसमें पांच से छह सौ मरीजों की जांच होती है। इसमें बड़ी संख्या में मरीजों को थॉयराइड और डिजिटल एक्सरे की जांच भी लिखी जाती है। थॉयराइड जांच की दो में एक मशीन खराब होने से मरीजों को दूसरे केंद्रों पर जाना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन भर्ती और इमरजेंसी मरीजों की थॉयराइड की जांच चल रही मशीन से करवा रहा है। डिजिटल एक्सरे मशीन भी करीब एक सप्ताह से खराब है। अस्पताल प्रशासन ने सोमवार को मशीन ठीक होने का दावा किया था, लेकिन मशीन ठीक नहीं हो पाई। सीएमएस डॉ. डीसी पांडेय ने बताया कि इंजीनियरों ने मशीन की जांच की है। तकनीकी समस्या को दूर किया जा रहा है। जल्द ही मरीजों की जांच शुरू हो जाएगी।
