Rampur: हिन्दुस्तान हमारा है, जात-पात की विदाई करके सभी को एक होना होगा-साध्वी प्राची
रामपुर, अमृत विचार। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की सदस्या साध्वी डॉ. प्राची ने कहा कि हम सभी को गर्व से कहना होगा कि हिन्दुस्तान हमारा है। जात-पात की विदाई करके सभी को एक होना होगा। तभी हम अपने देश को बचा सकते हैं। वह रविवार को आवास विकास के तिरंगा पार्क में हुए भव्य हिन्दू सम्मेलन में बोल रही थी। उन्होंने अपने ओजस्वी अभिभाषण से लोगों में धर्म और संस्कृति के जागरण की अलख जगाई।
वीर सावरकर बस्ती की हिन्दू सम्मेलन समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर संवेदनाएं, संस्कार और सभ्यता को बचाना होगा। सामाजिक समरसता का भाव जब तक हृदय में नहीं उतरेगा तब तक हम समाज को एक नहीं कर सकते। इसके लिए नारी शक्ति और युवा वर्ग को विशेष रूप से जागृत होना होगा। जिस घर में नारी का सम्मान होता है वहां देवी देवता निवास करते है।
इसलिए मातृ शक्ति को संस्कारों का भाव सभी में जागृत करना होगा। राम और कृष्ण चाहिए तो पहले कौशल्या और यशोदा बनना होगा। बुद्धिजीवी मौन न रहे, अपनी आवाज उठाएं। कहा कि कर्म हमेशा घूमकर हमारे पास आते हैं। हिन्दुस्तान के मस्तक पर जिसने भी कलंक लगाने की कोशिश की उसका नाश हुआ है। सबसे बड़ी गलती हिन्दुस्तान को सेक्यूलर देश बनाकर की है। क्यों अमेरिका, चीन, जापान जैसे देश सेक्यूलर नहीं बनाए गए है? ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि हिन्दुस्तान में गद्दार बहुत है और आज तक है।
कहा कि जहां जहां हिन्दू बंटा है वो हिस्सा देश से हटा है, इसलिए सभी को आत्मीय तौर पर संगठित होना होगा। मान सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करनी होगी। पाश्चात्य संस्कृति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इसके प्रभाव में आकर केक काटने, जोकर बनने कार्य न करें। इसके स्थान पर हवन, संतों का आशीर्वाद, तुलसी, पीपल आदि के पौधे लगाने चाहिए। संस्कृति को न बदलें। ऐसा करने से स्वतः ही बच्चों का दिमाग तेज होगा और वे भविष्य के खतरे को मिटा पाएंगे। उन्होंने जनसंख्या कानून और देशहित के कानून लाने की बात कही।
मुख्य वक्ता धर्म जागरण समन्वय मेरठ प्रांत के प्रांत संयोजक धर्मेंद्र ने कहा कि भारत परम वैभवशाली देश रहा है इसलिए देश की जय-जयकार पूरी दुनिया में होनी चाहिए। उन्होंने आरएसएस की स्थापना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। विशेष वक्ता रवि ने कुटुम्ब प्रबोधन पर महत्व देते हुए पारिवारिक एकता की बात कही। इसके साथ जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी अपनाने का जागृत किया। विवेक अग्रवाल ने कार्यक्रम की भूमिका पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व सरस्वती शिशु मंदिर व आनंद कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अध्यक्षता कर रहे आरके सिन्हा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
संचालन रविन्द्र कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर आरएसएस के सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिसमें संघ यात्रा, धर्म जागरण, पर्यावरण संरक्षण, गौ सेवा, ग्राम विकास, समरसता को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में अंशुल वैश्य, डॉ पी के वार्ष्णेय, विनय गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, जीके श्रीवास्तव, डॉ पुलकित अग्रवाल, ललित गुप्ता, राजीव शर्मा, दिलीप गुप्ता, संजय सक्सेना, अजय सक्सेना, प्रदीप अग्रवाल, दीपक जी, सुनील वैश्य, राजेंद्र समेत शहर के अनेक जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।
