बंथरा हादसा: सड़क पर शव रख 3 घंटे किया हंगामा, फिर 5-5 लाख के चेक और योजनाओं का लालच देकर मनाया मामला
लखनऊ, सरोजनीनगर, अमृत विचार: बंथरा स्थित बनी-मोहान रोड पर शनिवार शाम स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार वॉलीबॉल खिलाड़ी अर्पित त्रिवेदी (22) व काजल रावत (21) की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को परिवारवालों ने रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ मोहान रोड पर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक आश्रितों को 50 लाख रुपये मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग की। अधिकारियों ने पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देकर और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन देकर करीब तीन घंटे बाद प्रदर्शन खत्म कराया।
8.png)
दोपहर करीब 12:30 बजे शुरू हुए प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा मौके पर पहुंचे। समझाया लेकिन नाराज परिजन नहीं माने। इसी बीच मृतका के परिजन समेत सैकड़ों लोग भी धरने में शामिल हो गए। हालात को देखते हुए सरोजनीनगर तहसीलदार सुखवीर सिंह को बुलाया गया।
7.png)
तहसीलदार सुखवीर सिंह और एसीपी रजनीश वर्मा ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता और योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने दोनों मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। काफी मान मनौव्वल के बाद परिजन शांत हुए। करीब 3:30 बजे धरना समाप्त कर शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
8.png)
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि स्कार्पियो थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी बलवीर के नाम पर है। दबिश देकर बलवीर को पकड़ लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटनास्थल का एक वीडियो पुलिस को मिला है। दोनों गाड़ियों का टेक्निकल मुआयना जल्द कराया जाएगा।
प्रदर्शन के चलते लगा लंबा जाम
बनी-मोहान रोड स्थित रामगढ़ी के पास सड़क जाम पर धरना प्रदर्शन के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी। पुलिस ने समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन नाराज लोग नहीं माने। प्रदर्शन के चलते आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। जिसके बाद पुलिस ने यातायात शुरु कराया।
7.png)
अर्पित बोलता था शादी में सभी को बुलाना पापा
प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बैठे अवधेश त्रिवेदी बार-बार किस्मत को कोस रहे थे। समझाने पर बोलने लगे कि बेटे अर्पित की फरवरी में शादी होनी थी। तैयारियां चल रही थी। वह बोलता था कि पापा शादी में सभी को बुलाना। कोई छूटना नहीं चाहिए। देख बेटा सभी लोग तुमसे इतना प्यार करते हैं कि शादी से पहले ही आ गए। यह बोलते हुए वे रोने लगे। इसपर आसपास खड़े रिश्तेदारों ने उन्हें संभाला।
