कानपुर : राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ संजय अग्रवाल ने की बैठक, कहा- कोई भी पात्र मतदाता न छूटे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत निर्वाचन आयोग से नामित विशेष रोल प्रेक्षक एवं संयुक्त सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में बूथ लेवल एजेंट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि मसौदा मतदाता सूची में किसी अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज है अथवा किसी पात्र मतदाता का नाम छूट गया है, तो इसकी सूचना तत्काल दी जाये।

संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में एसआईआर की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कानपुर नगर जितेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कानपुर देहात कपिल सिंह सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे। 

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार कानपुर की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 26 लाख 36 हजार 113 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से दो लाख सात हजार 532 मतदाताओं की मैपिंग की जानी है, जिनमें से 82 हजार 478 मतदाताओं को नोटिस जारी की जा चुकी है।

इस पर विशेष रोल प्रेक्षक ने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी की जा रही है, उन्हें सुनवाई से कम से कम सात दिन पूर्व नोटिस अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। विशेष रोल प्रेक्षक ने नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस पर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 25 जनवरी, 31 जनवरी तथा 1 फरवरी को बूथ डे का आयोजन किया जाएगा। इन तिथियों पर जिले के सभी 3,770 बूथों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे और फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। 

साथ ही मृतक अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपित करने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि सुधार के लिए फॉर्म-8 भी उपलब्ध रहेंगे। बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कानपुर देहात कपिल सिंह ने कानपुर देहात की चारों विधानसभा क्षेत्रों रसूलाबाद, भोगनीपुर, सिकंदरा एवं अकबरपुर रनिया से संबंधित तथ्यों को प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक चतुर्वेदी, एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह सहित विभिन्न निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे। अग्रवाल ने भाजपा, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, अपना दल (एस) एवं सीपीआई (एम) सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। 

उन्होंने अभियान में सक्रिय सहयोग का अनुरोध करते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में बूथ लेवल एजेंट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि ड्राफ्ट मतदाता सूची में किसी अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज है अथवा किसी पात्र मतदाता का नाम छूट गया है, तो इसकी सूचना तत्काल दी जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की पारदर्शी व्यवस्था के अंतर्गत सभी राजनीतिक दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई है, जो सार्वजनिक डोमेन में भी उपलब्ध है और कोई भी नागरिक अपना नाम स्वयं जांच सकता है। 

लोकतंत्र में प्रत्येक मत का विशेष महत्व है और निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि मतदाता सूची पूर्णतः त्रुटिरहित एवं अद्यतन रहे। विशेष रोल प्रेक्षक ने यह भी कहा कि जिन मतदाताओं को मैपिंग के उद्देश्य से नोटिस भेजी गई है, उनके समय पर उपस्थित होने के लिए बीएलए और बीएलओ आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने बताया कि सुनवाई केंद्र बूथों के निकट ही स्थापित किए गए हैं। बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा ड्राफ्ट मतदाता सूची के संबंध में किसी विशेष त्रुटि की जानकारी नहीं दी गई। 

संबंधित समाचार