Bareilly : सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को किया सस्पेंड...बोले-निलंबन के खिलाफ जाएंगे कोर्ट
बरेली, अमृत विचार। इस्तीफा देकर प्रदेश और केंद्र सरकार में तहलका मचा देने वाले बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को निलंबित कर दिया गया। उत्तर प्रदेश सरकार ने उनको निलंबित करते हुए शामली कलेक्टर ऑफिस अटैच किया।
दरअसल बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने यूजीसी बिल और प्रयागराज में मौनी अमावस्या के दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरा नंद के शिष्यों संग अभद्रता के विरोध में इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने दफ्तर के बोर्ड पर अपने नाम के आगे इस्तीफा लिख दिया था। शाम को जिलाधिकारी आवास पर उन्हें बातचीत के लिए बुलाया गया।
मगर डीएम आवास से बाहर निकलकर सिटी मजिस्ट्रेट ने खुद को डीएम आवास में बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया था। हालांकि जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आरोपों से इन्कार किया था। उन्होंने कहा था कि बंधक बनाने की बात सरासर गलत है, सिटी मजिस्ट्रेट को बातचीत के लिए बुलाया गया था। बाद में उनको बाकायदा चाय पिलाकर वापस भेजा गया है।
पीसीएस अफसर के इस कदम पर सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है, उनको निलंबित कर शामली कलेक्टर ऑफिस अटैच किया गया। पूरे मामले की जांच मंडलायुक्त बरेली को दी गई है। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट का इस्तीफा मंजूर होने की भी चर्चा थी, लेकिन इसको लेकर फिलहाल संशय बना हुआ है। अलंकार अग्निहोत्री अब अपने निलंबन के खिलाफ कोर्ट जाने की बात कह रहे हैं।
