आगरा : ऑटो चालक दबंगई से परेशान कॉलोनीवासियों ने लगाए 'मकान बिकाऊ' के पोस्टर, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में दबंगई से त्रस्त कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से अपने घरों के बाहर 'मकान बिकाऊ' के पोस्टर लगा दिए। मंगलवार सुबह जब 50 से अधिक मकानों पर ऐसे पोस्टर लगे दिखाई दिए तो पुलिस हरकत में आई और आनन-फानन में आरोपी सनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

मामला थाना कमला नगर क्षेत्र के भगवान नगर कॉलोनी का है, जहां करीब 50 से अधिक मकान हैं। कॉलोनी में रहने वाला सनी, जो एक ऑटो चालक बताया जा रहा है, पिछले कई वर्षों से शराब के नशे में आए दिन मारपीट और अभद्र व्यवहार करता रहा है। 

आरोप है कि सोमवार को भी उसने शराब पीकर कॉलोनी के कई लोगों के साथ मारपीट की। लगातार हो रही घटनाओं से परेशान होकर कॉलोनीवासियों ने सामूहिक निर्णय लेते हुए अपने-अपने घरों के बाहर 'मकान बिकाऊ' के पोस्टर लगा दिए। एक साथ इतने पोस्टर लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया।

पुलिस के अनुसार सनी अपने परिचित के मकान में किराए पर रहता है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट और दबंगई के कई मामले दर्ज हैं। पूर्व में भी उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन जेल से छूटने के बाद उसकी गतिविधियों में सुधार नहीं हुआ।

सोमवार को हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार