Bareilly : आईटीआई छात्र को गोली मारने वाला पुलिस मुठभेड़ में घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोका तो कर दी फायरिंग, साथी भी गिरफ्तार

बरेली, अमृत विचार। प्रेम नगर क्षेत्र में मोबाइल फोन लूटने का विरोध करने पर आईटीआई छात्र को गोली मारने वाले आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने पर जख्मी हो गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

प्रेम नगर क्षेत्र में बुधवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने आईटीआई के छात्र राहुल गंगवार का मोबाइल और चेन लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर छात्र को गोली मारकर आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। प्रेम नगर पुलिस गुरुवार की देर रात वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने बाइक सवार दो लोगों को रोकने का प्रयास किया तो वह कुदेसिया फाटक की ओर भागने लगे। इसकी सूचना इज्जत नगर एवं बारादरी पुलिस को दी गई। पीछा करने पर आरपीएफ बैरक के पास रेलवे लाइन किनारे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की जिससे उदय ठाकुर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके साथी मनोज भास्कर को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। क्षेत्राधिकार नगर प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि छात्र को गोली मारने वाले दोनों बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से जख्मी हो गया है।

संबंधित समाचार