रायबरेली : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म व धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोपी गिरफ्तार
रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के सलोन क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने तथा धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने शनिवार को बताया कि सलोन थाना क्षेत्र की एक युवती ने शुक्रवार को तहरीर देकर आरोप लगाया कि आरोपी ने विवाह का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना सलोन में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मो. मुकीम निवासी सलोन की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की गई है। आरोपी को विधिक कार्रवाई के उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
