ओवरब्रिज पर रफ्तार का कहर: ट्रक से भिड़ी कार, मासूम की गई जान, 6 गंभीर घायल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नवाबगंज, गोण्डा, अमृत विचार: अयोध्या–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक कार व ट्रक की भिड़ंत में एक मासूम बच्चे की मौत हो गयी जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज भेजा गया है। कार सवार लोग बहू भोज कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे कि रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गयी। हादसा नवाबगंज थाना क्षेत्र के सरयू घाट चौकी क्षेत्र के लोलपुर ओवरब्रिज पर हुआ जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

बस्ती जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बड़े वन निवासी दिलीप उपाध्याय (38) अपनी पत्नी ज्योति (32), बड़े बेटे दिशांत (9), छोटे बेटे ओजस (6) के साथ रिश्तेदार अशोक दुबे (65) पुत्र स्व. राम सुमेर, उनकी बहू पलक (28) पत्नी दीपक दुबे तथा अनाया (6) पुत्री दीपक दुबे (निवासी मोहल्ला कजियाना, अयोध्या कोतवाली) के साथ एक बहू भोज में शामिल होकर कार से वापस लौट रहे थे। सोमवार की भोर लगभग 2:15 बजे  लोलपुर ओवरब्रिज पर आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे चल उनकी रही कार ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसके टूटे हिस्से ओवरब्रिज पर दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सरयू घाट चौकी प्रभारी संजीव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजवाया। जहां उपचार के दौरान 6वर्षीय ओजस उपाध्याय ने दम तोड़ दिया।

हादसे में कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक इलाज के बाद ज्योति, दिशांत, दिलीप और अशोक दुबे की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार