हल्द्वानी: जरूरतमंद बच्चों को स्कूल में मिलेगा थाली-गिलास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

  अमृत विचार, हल्द्वानी। अब सरकारी स्कूल में कोई भी बच्चा थाली-गिलास न होने पर भोजन करने से वंचित नहीं हो सकेगा। उत्तराखंड राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश के चलते सरकारी स्कूलों में जरूरतमंद बच्चों को यह सुविधा मुहैया करायी जाएगी। नैनीताल जनपद में सभी उप शिक्षा अधिकारियों को ब्लॉक वार स्कूलों की सूची मांगी …

 

अमृत विचार, हल्द्वानी। अब सरकारी स्कूल में कोई भी बच्चा थाली-गिलास न होने पर भोजन करने से वंचित नहीं हो सकेगा। उत्तराखंड राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश के चलते सरकारी स्कूलों में जरूरतमंद बच्चों को यह सुविधा मुहैया करायी जाएगी। नैनीताल जनपद में सभी उप शिक्षा अधिकारियों को ब्लॉक वार स्कूलों की सूची मांगी गयी है। बाद में जरूरत के हिसाब से थाली-गिलास वितरित किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि द हंस फाउंडेशन की ओर से नैनीताल जनपद के स्कूलों में जरूरतमंद बच्चों के लिए थाली-गिलास उपलब्ध कराये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भीमताल में 1450, धारी में 1550, रामगढ़ में 1750, हल्द्वानी 7500, कोटाबाग में 2475, बेतालघाट में 1600, रामनगर में 3500 और ओखलकांडा ब्लॉक में 1875 यानी कुल 21700 थाली-गिलास उपलब्ध कराये जाएंगे।

इसके लिए सभी उप शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों के आधार पर जरूरतमंद बच्चों की सूची बनाकर देने को कहा गया है। बताया गया कि स्कूल की सूची मिलने के बाद संख्या के आधार पर थाली-गिलास स्कूल में उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई बच्चे भोजन करने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में अब सभी बच्चे भोजन कर सकेंगे।

 

भोजनमाता की रहेगी जिम्मेदारी

स्कूल से मिलने वाले थाली-गिलास को बच्चे बैग में रखकर घर न ले जाये। इसके लिए भोजनमाता की जिम्मेदारी होगी कि वह इस बात का ध्यान रखें कि स्कूल के सभी थाली-गिलास भोजन के बाद वापस रखें है या नहीं। इन्हें बच्चे घर लेकर नहीं जा सकते हैं।

 

स्कूल खुलने पर ही बच्चों को दिया जाएगा

जिला शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि कोरोना के चलते अभी तो स्कूल बंद हैं लेकिन जरूरत के हिसाब से थाली-गिलास स्कूल में उपलब्ध करा दिया जाएगा। स्कूल खुलने पर ही जरूरतमंद बच्चों को वितरित कर दिया जाएगा।

संबंधित समाचार