यीडा में सेमीकंडक्टर संयंत्र का वर्चुअली पीएम मोदी करेगें शिलान्यास, CM योगी और अश्विनी वैष्णव रहेंगे मौजूद
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश को देश के सेमीकंडक्टर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में 21 फरवरी को एक बड़ा कदम उठाया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर-28 में इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के सेमीकंडक्टर संयंत्र का शिलान्यास होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव परियोजना स्थल पर उपस्थित रहेंगे।
यह संयुक्त उद्यम एचसीएल ग्रुप और फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी ग्रुप द्वारा स्थापित किया जा रहा है। 48 एकड़ भूमि पर स्थापित होने वाली यह इकाई केंद्र सरकार के सेमीकंडक्टर मिशन और उप्र. सरकार के सहयोग से विकसित की जा रही है। यह देश की पहली डिस्प्ले ड्राइवर इंटीग्रेटेड सर्किट ओसैट सुविधा होगी, जहां चिप्स की उन्नत पैकेजिंग, असेंबली और परीक्षण किया जाएगा।
परियोजना से देश के सकल घरेलू उत्पाद में प्रतिवर्ष लगभग 45,000 करोड़ रुपये के संभावित योगदान का अनुमान है। इसके साथ ही करीब 3,000 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। सहायक उद्योगों, लॉजिस्टिक्स और आपूर्ति श्रृंखला में भी रोजगार के नए अवसर बनेंगे, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी। परियोजना के अंतर्गत उत्कृष्टता केंद्र, उन्नत अनुसंधान सुविधाएं और सिमुलेशन लैब स्थापित की जाएंगी। स्थानीय विश्वविद्यालयों व तकनीकी संस्थानों के सहयोग से उद्योगोन्मुख कौशल विकास कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
