टी-20 विश्वकप : यूएई को पांच विकेट से हराकर अफगानिस्तान ने चखा जीत का स्वाद, इब्राहिम जदरान ने जड़ा अर्धशतक
नई दिल्ली। अजमतउल्लाह ओमरजई (चार विकेट/ नाबाद 40 रन) , इब्राहिम जदरान (53) और डरविश रसूली (33) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने सोमवार को टी-20 विश्वकप के 28वें मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात को चार गेंदे शेष रहते पांच विकेट हरा कर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। 161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने पहले ही ओवर में रहमानउल्लाह गुरबाज (शून्य) का विकेट गंवा दिया।
इसके बाद इब्राहिम जदरान और गुलबदीन नईब की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। छठे ओवर में मुहम्मद इरफान ने गुलबदीन नईब (13) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। सेदिक़ुल्लाह अटल (16) रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुये। इस दौरान इब्राहिम जरदान एक छोर थामे रन बनाते रहे और उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया।
14वें ओवर में इरफान ने इब्राहिम जदरान को आउटकर अफगानिस्तान को बड़ा झटका दिया। इब्राहिम जरदान 41 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 53 रनों की पारी खेली। डरविश रसूली ने 23 गेंदों में तीन चौके ओर एक छक्का लगाते हुए 33 रन बनाये। अफगानिस्तान ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से अपने नाम किया।
अजमतउल्लाह ओमरजई ने 21 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 40 रनों की मैच विजयी पारी खेली। यूएई के लिए जुनैद सिद्दीकी ओर मुहम्मद इरफान ने दो-दो विकेट लिये। मुहम्मद जवादुल्लाह ने एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां सोहैब खान (68) और आलीशान शराफु (40 ) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने अफगानिस्तान के खिलाफ नौ विकेट पर 160 रनों का स्कोर खड़ा किया।
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 13 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। आर्यंष शर्मा (शून्य), कप्तान मुहम्मद वसीम (10) रन बनाकर आउट हुये। सोहैब खान और आलीशान शराफु की जोड़ी ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़े। 12वें ओवर में मुजीब उर रहमान ने आलीशान शराफु को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
आलीशान शराफु ने 31 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 40 रनों की पारी खेली। इसके बाद यूएई ने 24 रन जोड़ कर अपने तीन और विकेट गंवा दिये। सैय्यद हैदर 13 रन बनाकर आउट हुये। हर्षित कौशिक और मुहम्मद इरफान बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गये। 19वें ओवर में ओमरजई ने सोहैब खान को आउट किया।
सोहैब खान ने 48 गेंदों में छह चौके और चार छक्के लगाते हुए 68 रनों की पारी खेली। हैदर अली 13 रन बनाकर रनआउट हुये। यूएई ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 160 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। अफगानिस्तान के लिए अजमतउल्लाह ओमरजई ने चार विकेट लिये। मुजीब उर रहमान को दो विकेट मिले। राशिद खान ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
