एसआईआर: किसी का फार्म रद्द करने से पूर्व व्यक्ति को एक मौका अवश्य दें
हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य निर्वाचन आयोग ने अप्रैल से शुरू होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाताओं की मैपिंग की बारीकियां सिखाई गई हैं। शनिवार को सहायक निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास ने राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में एसआईआर को लेकर विशेष बैठक की।
उन्होंने कहा कि अप्रैल में प्रदेश में एसआईआर शुरू हो जाएगा इसलिए अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन में कोई भी लापरवाही नहीं करें। सभी के समन्वय के साथ कार्य कर एसआईआर की प्रक्रिया को अन्तिम रूप देना है। आगामी एसआईआर की तैयारियों को लेकर प्रदेशभर में बीएलओ की ओर आउटरीच अभियान के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है। जनपद नैनीताल में मैपिंग का प्रतिशत 80 प्रतिशत है, जिसे 28 फरवरी तक शतप्रतिशत पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने इस संबंध में सभी से सहयोग की अपील की।
इस बैठक में उन्होंने वर्ष 2003 की मतदाता सूची वर्ष 2025 की मतदाता सूची में मैपिंग प्रगति की समीक्षा, मतदाता सूची में धुंधली, अस्पष्ट, गलत त्रुटिपूर्ण फोटो, मकान नम्बर चिन्हिकरण, मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की ओर से बीएलए के नियुक्ति की भी समीक्षा की।सहायक निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एसआईआर के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए इसके लिए प्रत्येक मतदाता तक पहुंच, समन्वय और संवाद कर अभियान चलाया जाए।एसआईआर के पीछे उद्देश्य हर पात्र को मतदाता सूची में शामिल करना है।
जनपद में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के नियुक्त बीएलए के साथ ही ईआरओ एवं एईआरओ की ओर से बीएलओ को सप्ताहिक प्रशिक्षण दिया जाए तथा इसकी मॉनीटरिंग संबंधित एआरओ की ओर से की जाए। दास ने विधानसभा क्षेत्र लालकुआं, हल्द्वानी एवं कालाढूंगी में मैपिंग का प्रतिशत कम होने पर संबंधित से जानकारी ली। बीएलओ ने बताया गया कि विधान सभाओं में वर्ष 2003 में लोग निवास करते थे, अतिक्रमण हटाने के बाद के वे लोग अन्यत्र शिफ्ट हो गए हैं। इस पर उक्त व्यक्तियों को सूचना देने के साथ ही नोटिस दिए जाने के निर्देश दिए गए। एसआईआर के दौरान किसी भी व्यक्ति का फार्म रद्द करने से पूर्व संबंधित व्यक्ति को एक मौका कमियां पूर्ण करने का अवश्य दें तथा उक्त व्यक्ति को दूरभाष से भी सूचित करें ताकि कोई पात्र व्यक्ति नाम मतदाता सूची से नहीं कट पाए।
बैठक में उपजिला निवार्चन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि जनपद में आगामी एसआईआर से 80 प्रतिशत मैपिंग पूर्ण कर ली गई है आगामी माह 28 फरवरी तक 90 प्रतिशत पूर्ण कर ली जाएगी। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एसडीएम गोपाल सिंह चौहान, विपिन पंत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी पांडे आदि मौजूद रहे।
