जर्मनी पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य, शुचिता किशोर ने किया स्वागत, निवेशकों से करेंगे संवाद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को जर्मनी दौरे पर फ्रैंकफर्ट पहुंचे, जहां उनका भारत की काउंसल जनरल शुचिता किशोर ने स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों देशों के बीच मजबूत होते आर्थिक और औद्योगिक संबंधों पर चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गया यह प्रतिनिधिमंडल 'इन्वेस्ट यूपी' के माध्यम से उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल कर रहा है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह दौरा उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, एमएसएमई, आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति के साथ कार्य कर रही है।
https://twitter.com/kpmaurya1/status/2025557380579328386
इस दौरान अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के समक्ष प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश-अनुकूल नीतियां और मजबूत आधारभूत संरचना को प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जर्मनी की उन्नत तकनीक, स्मार्ट मोबिलिटी और औद्योगिक मॉडल का अध्ययन कर उत्तर प्रदेश में आधुनिक और तकनीक आधारित अवसंरचना के विकास को गति दी जाएगी।
साथ ही तकनीकी सहयोग, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्रों में साझेदारी पर भी विचार-विमर्श होगा। उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह यात्रा उत्तर प्रदेश और जर्मनी के बीच औद्योगिक और आर्थिक सहयोग को नई दिशा देगी तथा प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मील का पत्थर साबित होगी।
