Uttrakhand: चोरगलिया क्षेत्र में खनन कारोबारी ने खुद को मारी गोली, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी शहर के चोरगलिया थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। गजेपुर गांव निवासी खनन कारोबारी कमलेश बेलवाल (35) ने सोमवार की देर रात अपने घर में लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल लाए लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले घर में किसी बात को लेकर पारिवारिक कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर कमलेश बेलवाल ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल उठाई और खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही परिजन कमरे की ओर दौड़े, जहां वह खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पारिवारिक विवाद की वजह और घटना की परिस्थितियों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

पारिवारिक कलह का अंदेशा
हल्द्वानी। ग्राम प्रहरी और मृतक के रिश्तेदार दयाकिशन पांडे ने बताया कि अभी तक यही सामने आया है कि घर में क्लेश की वजह से घटना हुई है। मृतक की तीन साल की बेटी भी है और उसका अच्छा-खासा कारोबार था। घर में किसी भी तरह की दिक्कत नहीं थी। एक अन्य रिश्तेदार ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर सब लोग सन्न रह गए। जब मौके पर जाकर देखा तो कमलेश के सिर से खून बह रहा है। बताया जा रहा है कि गोली सिर में मारी है। इधर पोस्टमार्टम हाउस पर भारी भीड़ थी।

संबंधित समाचार