अमृत विचार की खबर का असरः मेडिकल कॉलेज में जांचें प्रभावित होने पर जवाब तलब, तीन विभागाध्यक्षों से मांगा स्पष्टीकरण
अयोध्या, अमृत विचार : दर्शन नगर स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में थायराइड समेत अन्य महत्वपूर्ण जांचों के प्रभावित होने के मामले की ''अमृत विचार'' में खबर प्रकाशित होने के बाद कॉलेज के सीएमएस ने तीनों विभागाध्यक्षों से तीन दिन में जवाब तलब किया है।
मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को थायराइड, एचबीएवनसी, इलेक्ट्रोलाइट की जांच नहीं हो रही थी। मरीजों को वापस भेज दिया जा रहा था। यही नहीं सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट) के लिए पहुंचे मरीजों को वायल खत्म होने की बात कहकर भेज दिया जा रहा था। थायराइड, एचबीएवनसी, इलेक्ट्रोलाइट जैसी जांचें बाहर महंगी होती है। ये जांचें 200 से 700 के बीच में होती हैं। मरीजों को निजी लैब पर कराने में जेबें ढीली करनी पड़ती थी।
इस संबंध में ''अमृत विचार'' ने शुक्रवार के अंक में ''मेडिकल कॉलेज में जांचें प्रभावित, वायल खत्म, लौटाए मरीज'' शीर्षक से खबर का प्रकाशन किया था। सीएमएस डाॅ. अरविंद सिंह ने पैथोलॉजी, माइक्रोलॉजी व बायोकेमेस्ट्री विभागाध्यक्ष से तीन दिन के भीतर आख्या मांगी है।
