Uttrakhand: टेंडर प्रक्रिया पूरी, अगले सप्ताह से चलेंगे 20 नए कूड़ा वाहन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था मजबूत होगी। अगले सप्ताह से 20 नई कूड़ा गाड़ियों का संचालन शुरू होगा। जिसके बाद नए वार्डों में जरूरत के अनुसार इनको चलाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि नगर निगम को करीब दो माह पहले ही डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था मजबूत करने के लिए 25 नए वाहन मिल चुके थे, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण इनका संचालन शुरू नहीं हो सका।

 एक बार टेंडर प्रक्रिया निरस्त होने के बाद फिर से टेंडर जारी किया गया था। जिसकी प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई और टेंडर आवंटित कर दिया गया है। नए क्षेत्रों में नियमित कूड़ा कलेक्शन नहीं होने और पुराने वाहनों के खराब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम को शासन से कुल 55 नए वाहनों की मंजूरी मिली है, जिसमें पहले चरण में 25 वाहन मिल चुके हैं। 

इनमें से 20 वाहन चलाए जाएंगे। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले सप्ताह से वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि वाहनों के संचालन के लिए रूट मैपिंग तैयार की जा रही है। बड़े वार्डों में दो और छोटे वार्डों में एक वाहन चलाया जाएगा।

 

संबंधित समाचार