मुरादाबाद: विद्युत निगम ने थमाया आठ लाख का बिल, सीएम पोर्टल की शिकायत
मुरादाबाद, अमृत विचार। विद्युत निगम की ओर से बुध बाजार स्थित साड़ी शोरुम के संचालक को आठ लाख रुपये का बिल थमा दिया गया। इसके साथ ही बिना किसी पूर्व सूचना के कनेक्शन काटकर पुराना मीटर उतारकर नया मीटर लगा दिया गया। आरोप है कि जेई की ओर से अब बिल को संशोधित किए जाने …
मुरादाबाद, अमृत विचार। विद्युत निगम की ओर से बुध बाजार स्थित साड़ी शोरुम के संचालक को आठ लाख रुपये का बिल थमा दिया गया। इसके साथ ही बिना किसी पूर्व सूचना के कनेक्शन काटकर पुराना मीटर उतारकर नया मीटर लगा दिया गया। आरोप है कि जेई की ओर से अब बिल को संशोधित किए जाने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की जा रही है। जिसकी शिकायत संचालक की ओर से मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई है।
शिकायतकर्ता नवनीत कुमार वाष्र्णेय ने बताया कि बुध बाजार में उनका साड़ी का शोरुम है। जिस पर पत्नी कल्पना रानी के नाम पर बिजली का कनेक्शन लिया गया है। बिजली बिल का भुगतान नियमित रूप से लगातार किया जा रहा है। इसके बावजूद 6 नवंबर को विद्युत निगम की ओर से बिना सूचना के पुराना मीटर उतारकर नया मीटर लगा दिया गया। जिसका कोई सीलिंग सर्टिफिकेट भी नहीं दिया गया। इसके साथ ही 8 नवंबर को दुकान का कनेक्शन काट दिया गया। इस मामले की जानकारी जब निगम के अधिकारियों से फोन पर करनी चाही तो उन्होंने ऑफिस आने को कहा।
आफिस पहुंचकर जेई संजीव रूहेला से मुलाकात कर मामले की शिकायत की। आरोप है कि जेई ने बिल संशोधन करने की एवज में 50 हजार रुपये की डिमांड की। मना करने पर बिजली चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया गया। कहा कि झूठे मुकदमें में लिखवाया गया कि 7 नवंबर को बिजली चोरी के आरोप में कनेक्शन काटा गया है, जबकि उस दिन कोई भी विद्युत कर्मी दुकान पर नहीं आया। जिसका साक्ष्य सीसीटीवी कैमरे हैं।
संचालक नवनीत कुमार वाष्र्णेय ने कहा कि उन्हें झूठा मुकदमा दर्ज कराकर फंसाया जा रहा है। जिसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है। वहीं जेई राजीव रंजन का कहना है कि बकाया बिल का भुगतान न करने पर ही कनेक्शन काटा गया है। संचालक की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं।
