वाराणसी में LPG की कोई समस्या नहीं ... बोले डीएम, पैनिक होकर न करें गैस का अनावश्यक स्टॉक 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

वाराणसी। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर भारतीय रसोई पर भी दिखने लगा है। काशी में होटल, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को कमर्शियल सिलेंडर और घरेलू एलपीजी मिलने में कठिनाई हो रही है, जिसके कारण लोग गैस एजेंसियों और गोदामों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। 

हालांकि, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि जनपद में घरेलू एलपीजी के स्टॉक में कोई कमी नहीं है और घरेलू उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि व्यवस्था के अनुसार, एक सिलेंडर लेने के 25 दिनों के भीतर दोबारा बुकिंग या रिफिल नहीं कराया जा सकेगा। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि लोग पैनिक होकर गैस का अनावश्यक स्टॉक न करें। 

'गेल' के माध्यम से प्राकृतिक गैस की आपूर्ति सुचारू है। घरेलू और कमर्शियल, दोनों श्रेणियों में इसकी कोई कमी नहीं है। गेल के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कैंप लगाकर नए कमर्शियल या घरेलू पीएनजी कनेक्शन चाहने वालों को तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराएं। 

जिले में पेट्रोल और डीजल के स्टॉक की भी कोई कमी नहीं है। इस संबंध में सभी तेल कंपनियों और गेल के साथ महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हो चुकी है। वाराणसी में वर्तमान में लगभग 67 हजार नेचुरल गैस कनेक्शन हैं। प्रशासन का प्रयास है कि नए आवेदकों को भी शीघ्र अति शीघ्र कनेक्शन प्रदान किए जाएं। 

ये भी पढ़ें :
LPG Cylinder Crisis: चुल्हों पर बन रहे मिड डे मील, LPG संकट के बीच यूपी के स्कूलों ने निकाला विकल्प

संबंधित समाचार