SI Exam : कड़ी सुरक्षा के बीच शुरु SI भर्ती परीक्षा, केंद्रों पर अलर्ट मोड में यूपी पुलिस, जानिए कितने अभ्यर्थी शामिल
कानपुर/वाराणसी/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार को कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत अन्य जिलों के 1090 केंद्रो पर शुरु हो गयी। दो दिनो तक चलने वाली परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए कुल 4,543 पदों पर नियुक्ति होगी। भर्ती के लिए 15,75,760 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
पुलिस आयुक्त कानपुर नगर रघुबीर लाल ने कैलाशनाथ बालिका इंटर कॉलेज, दयानंद एंग्लो वैदिक कॉलेज, जीजीआईसी और बीएनएसडी इंटर कालेज समेत अन्य परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया तथा कंट्रौल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्था संबंधी तैयारियों का जायजा लिया गया।
इस अवसर पर ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस कर्मियों को ब्रीफ करते हुए उन्होने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। प्रयागराज में पहली पाली में परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली में परीक्षा दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक चलेगी।अभ्यर्थियों से कहा गया है कि घड़ी, ज्वैलरी, बटुआ पर्स, चाबी, काला चश्मा आदि लेकर न आएं, वरना परीक्षा नहीं देने दिया जायेगा।
प्रयागराज जिले में परीक्षा 43 केंद्रों पर दरोगा भर्ती परीक्षा हो रही हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और शुचितापूर्ण ढंग से कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और अन्य अधिकारियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों को लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्र के रूप में सिर्फ राजकीय माध्यमिक विद्यालय, सरकारी डिग्री कॉलेज, विश्वविद्यालय, पॉलिटेक्निक और सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज ही चुने गए हैं।
वाराणसी में परीक्षा के लिए कुल 46 केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ पुलिस की विशेष टीम सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रख रही है।परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति न बने, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं और कई क्षेत्रों में रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के समीप स्थित सभी फोटोस्टेट और स्टेशनरी की दुकानों को बंद करा दिया गया है। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर और ब्लूटूथ डिवाइस जैसे किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह वर्जित है।
ये भी पढ़ें :
PM मोदी का कोलकाता से विशाल जनसंवाद, यूपी के इन तीन शहरों से लाइव जुड़ेगा बंगाली समाज
