रवि किशन का राहुल गांधी पर पलटवार, कहा- पूरी तरह समाप्त होता जा रहा है कांग्रेस का वजूद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। भोजपुरी सिने स्टार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रवि किशन ने बसपा संस्थापक कांशीराम को भारत रत्न देने की कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की मांग पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 65 वर्षों तक देश में शासन किया, लेकिन उस समय उसने इस तरह की कोई पहल नहीं की। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2014 में सत्ता में आने के बाद देश को एक नया और विराट स्वरूप मिला है, लेकिन अब राहुल गांधी को ऐसे नाम याद आ रहे हैं जो उनकी सरकार के दौरान उन्हें कभी याद नहीं आए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का वजूद पूरी तरह समाप्त होता जा रहा है। 

एलपीजी संकट को लेकर विपक्ष के आरोपों पर केंद्र सरकार का बचाव करते हुए रवि किशन ने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है और विपक्ष इस मुद्दे पर झूठी अफवाहें फैला रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस बुक करें, उन्हें सिलेंडर अवश्य मिलेगा।

यूजीसी के नए बिल को लेकर विपक्ष के हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि ब्राह्मण और सवर्ण समाज भारतीय जनता पार्टी के साथ है और लोगों को विश्वास है कि योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री मोदी के शासन में किसी भी सवर्ण के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। 

संसद में विपक्ष के हंगामे को लेकर उन्होंने कहा कि संसद चलाने में प्रतिदिन लगभग नौ करोड़ रुपये का खर्च आता है और विपक्ष के कारण संसद न चलने से जनता की गाढ़ी कमाई बर्बाद होती है। इस दौरान रवि किशन ने कहा कि प्रयागराज की जनता ने उन्हें बहुत प्यार दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी आगामी फिल्म "साइको सैयां" आने वाली है और गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित भी शामिल होंगी। 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल से पहले गोरखपुर में माफिया का राज था, लेकिन अब वहां बड़े-बड़े कलाकार और साहित्यकार आ रहे हैं। रवि किशन ने बताया कि वह यहां होली मिलन कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं, जिसमें उन्हें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आमंत्रित किया है। 

संबंधित समाचार