Uttrakhand: बीच सड़क आया मदमस्त हाथियों का झुंड, लोगों में फैला डर और यातायात ठप

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामनगर,  अमृत विचार। हल्द्वानी-रामनगर मार्ग पर (कोसी बैराज) के समीप हाथियों का झुंड सड़क पर आ गया और झुंड के सड़क से न हटने पर देखते ही देखते दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। झुंड में छोटे हाथी के बच्चे भी शामिल थे, सभी अपने आप में मदमस्त नजर आए। हाथियों की गतिविधि को देखते हुए लोगों में डर का माहौल बन गया था। इस दौरान कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। यह दृश्य गुरुवार देर रात का है।

मौके पर वन कर्मियों के साथ पहुंचे डिप्टी रेंजर इंदर लाल ने बताया कि 10 हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर सड़क पर आ गया था। डिप्टी रेंजर ने बताया कि सूचना मिलते ही हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सबसे पहले सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक को रोक दिया। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर रामनगर के नए बाईपास पुल के पास वाहनों की आवाजाही को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, ताकि हाथियों को बिना किसी बाधा के सुरक्षित जंगल की ओर जाने दिया जा सके।

डिप्टी रेंजर के मुताबिक, हाथी जब अपने बच्चों के साथ होते है तो आक्रामक भी हो जाते है, ऐसे में टीम ने बेहद सावधानी के साथ स्थिति को नियंत्रित किया, वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर निगरानी करते हुए हाथियों के जंगल की ओर बढ़ने का इंतजार किया और बाद में हल्की आवाज और लाइट की मदद से उन्हें सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा गया। करीब कुछ समय बाद जब हाथियों का झुंड पूरी तरह से जंगल की ओर चला गया तो वन विभाग ने यातायात को फिर से शुरू करवाया। इसके बाद सड़क पर फंसे वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो सकी। वन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि जंगल क्षेत्र से गुजरते समय सावधानी बरतें और वन्यजीव दिखने पर वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

संबंधित समाचार