यूपी में महिलाओं को मिलेगा सबसे पहले पक्का घर! केशव मौर्य ने दिए बड़े निर्देश, 2026-27 के लिए चयन प्रक्रिया शुरू
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में आवासविहीन परिवारों को पक्की छत देने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों के चयन और मांग पत्र भेजने के निर्देश ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार हर आवासविहीन व्यक्ति को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहली बार है, जब आगामी वित्तीय वर्ष के लाभार्थियों का चयन कार्य प्रारंभ होने से पहले ही शुरू किया गया है।
उप मुख्यमंत्री ने गुरुवार को बताया कि इसमें पति के निधन के बाद आवासविहीन निराश्रित महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। महिला कल्याण विभाग की 15.53 लाख पेंशन लाभार्थियों की सूची का सत्यापन कर पात्र महिलाओं का नाम मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में शामिल किया जाएगा।
लाभार्थियों के आवास केवल महिला मुखिया के नाम पर आवंटित किए जाएंगे। वर्ष 2026-27 के लिए लाभार्थियों का मांग पत्र 15 अप्रैल तक उपलब्ध कराया जाएगा और उनका पंजीकरण किया जाएगा। योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1400.02 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
4.72 लाख परिवारों को मिल चुके आवास
मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण वर्ष 2018-19 से संचालित है। योजना अंतर्गत अब तक 4.72 लाख परिवारों को आवास प्रदान किया जा चुका है। योजना की प्राथमिकता श्रेणी में सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग, विभिन्न जनजातियों, विशेष रोगों से प्रभावित परिवार, दैवीय आपदा प्रभावित परिवार, दिव्यांगजन और पति के निधन के बाद निराश्रित विधवा महिलाएं शामिल हैं।
