अटल यूनिवर्सिटी कराएगा GNM दाखिले की परीक्षा, अब सरकारी व गैर-संबद्ध निजी कॉलेजों की परीक्षा की मिली जिम्मेदारी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

10 सरकारी कॉलेजों में 513 और 433 निजी कॉलेजों में 20,245 सीटें

लखनऊ, अमृत विचार: अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल यूनिवर्सिटी की प्रवेश समिति की शनिवार को हुई बैठक में जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) पाठ्यक्रम में दाखिले को लेकर अहम निर्णय लिया गया। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 से प्रवेश प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए जाएंगे।

बैठक में तय किया गया कि प्रदेश के सभी सरकारी जीएनएम कॉलेजों और उन निजी कॉलेजों, जो किसी अन्य मेडिकल यूनिवर्सिटी से संबद्ध नहीं हैं, की प्रवेश परीक्षा अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल यूनिवर्सिटी कराएगी। वहीं, जो निजी जीएनएम कॉलेज निजी मेडिकल यूनिवर्सिटीज से संबद्ध हैं, उनमें प्रवेश परीक्षा संबंधित यूनिवर्सिटी स्वयं आयोजित करेगी।

प्रदेश में वर्तमान में 10 सरकारी जीएनएम कॉलेजों में कुल 513 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि 433 निजी कॉलेजों में 20,245 सीटें हैं। इस निर्णय से प्रवेश प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की कोशिश की गई है।

बैठक में कुलपति डॉ. अमित देवगन, डीन डॉ. अशोक विश्नोई, परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला तथा स्टेट मेडिकल फैकल्टी के सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के सभी जीएनएम कॉलेज स्टेट मेडिकल फैकल्टी से संबद्ध हैं। वर्ष 2025-26 में संयुक्त प्रवेश परीक्षा अटल यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित की गई थी, लेकिन आगामी सत्र में व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि सफल अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद में प्रवेश में प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त इंतजाम किए जाएंगे। गुणवत्तापरक शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए कॉलेजों के मानकों की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि बेहतर नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ तैयार किया जा सके। प्रवेश परीक्षा की तिथि और विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही घोषित किए जाने की संभावना है।

संबंधित समाचार