तपती धूप में भी दिखें कूल और स्टाइलिश
मौसम बदलते ही फैशन का मिजाज भी बदल जाता है और इसी के साथ बदलती हैं हमारी स्टाइल चॉइसेज। आज की महिलाएं चाहे टीनएज हों, यंग प्रोफेशनल्स या मिड एज हर मौसम के अनुसार अपने वॉर्डरोब को अपडेट रखना पसंद करती हैं। खासकर गर्मियों में स्टाइलिश दिखते हुए कंफर्टेबल रहना थोड़ा मुश्किल जरूर होता है, लेकिन सही फैब्रिक, प्रिंट और कलर चुनकर इस चुनौती को आसानी से पार किया जा सकता है।
फैब्रिक पर दें ध्यान
गर्मियों के मौसम में सबसे पहले ध्यान देना चाहिए फैब्रिक पर। हल्के, सॉफ्ट और ब्रीदेबल कपड़े जैसे कॉटन, लिनन, रेयॉन और मलमल इस सीजन के लिए बेस्ट माने जाते हैं। ये न केवल पसीना सोखते हैं, बल्कि शरीर को ठंडा भी रखते हैं। इसके साथ ही इन फैब्रिक्स में आने वाले प्रिंट्स आपके लुक को और भी आकर्षक बना देते हैं।
स्टाइल को मॉडर्न टच
जहां तक प्रिंट्स की बात है, फ्लोरल प्रिंट्स हर साल समर फैशन का हिस्सा बने रहते हैं। छोटे-छोटे फूलों से लेकर बड़े-बड़े बोल्ड फ्लोरल पैटर्न तक, ये हर तरह के आउटफिट में खूबसूरती जोड़ते हैं। फ्लोरल प्रिंट्स न केवल फ्रेश और कूल लुक देते हैं, बल्कि दिन के समय आउटिंग, ब्रंच या कैजुअल मीटअप के लिए एकदम परफेक्ट रहते हैं। इसके अलावा, इस सीजन में चेक्स, स्ट्राइप्स और ज्योमेट्रिक प्रिंट्स भी काफी ट्रेंड में हैं, जो आपके स्टाइल को एक मॉडर्न टच देते हैं।
कंफर्ट और स्टाइल का काम्बो
अगर आप कुछ नया ट्राय करना चाहती हैं, तो टाई-डाई प्रिंट्स, ब्लॉक प्रिंट्स और इंडो-वेस्टर्न फ्यूजन स्टाइल्स भी इस बार खूब पसंद किए जा रहे हैं। खासतौर पर हैंडब्लॉक प्रिंटेड कुर्ते, स्कर्ट्स और को-ऑर्ड सेट्स युवतियों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। इसके अलावा, शर्ट ड्रेस, रैप ड्रेस और कफ्तान स्टाइल आउटफिट्स भी गर्मियों में कंफर्ट और स्टाइल का बेहतरीन मेल पेश करते हैं।
ड्रेस की लंबाई और फिटिंग
ड्रेस की लंबाई और फिटिंग भी बहुत मायने रखते हैं। समर सीजन में मैक्सी ड्रेसेस, मिडी ड्रेसेस और शॉर्ट ड्रेसेस काफी पसंद की जाती हैं। ये न सिर्फ पहनने में आसान होती हैं, बल्कि हर बॉडी टाइप पर अच्छी भी लगती हैं। अगर आप प्लस साइज हैं, तो छोटे और मीडियम प्रिंट्स आपके लिए ज्यादा फ्लैटरिंग रहेंगे। वहीं स्लिम फिगर वाली महिलाएं बड़े और एक्सपेरिमेंटल प्रिंट्स भी आसानी से कैरी कर सकती हैं।
सही कलर का चुनाव
अब बात करते हैं कलर्स की, जो किसी भी आउटफिट की जान होते हैं। गर्मियों में हल्के और सॉफ्ट कलर्स पहनना सबसे अच्छा रहता है। सफेद (व्हाइट) रंग इस मौसम का सबसे पसंदीदा रंग माना जाता है, क्योंकि यह गर्मी को कम महसूस कराता है और एक क्लासी लुक देता है। व्हाइट मैक्सी ड्रेस, चिकनकारी सूट, अनारकली या शर्ट-ट्राउजर सेट हर रूप में शानदार लगता है। व्हाइट के अलावा पेस्टल शेड्स जैसे बेबी ब्लू, लैवेंडर, पिंक, मिंट ग्रीन और पीच भी इस सीजन में काफी ट्रेंड में हैं। ये रंग आंखों को सुकून देते हैं और एक फ्रेश लुक प्रदान करते हैं।
खासतौर पर लैवेंडर और सी ग्रीन जैसे कलर्स पिछले कुछ समय से फैशन में अपनी खास जगह बनाए हुए हैं। इसके साथ ही कोरल और पीच जैसे सॉफ्ट वॉर्म टोन भी समर आउटफिट्स में चार चांद लगा देते हैं। अगर आप अपने समर लुक को और बेहतर बनाना चाहती हैं, तो हल्के एक्सेसरीज जैसे स्ट्रॉ हैट, सनग्लासेस, स्लिंग बैग और मिनिमल ज्वेलरी का इस्तेमाल जरूर करें। सही फुटवियर जैसे फ्लैट्स, सैंडल या एस्पैड्रिल्स आपके पूरे लुक को कंप्लीट कर देते हैं। इस तरह, सही फैब्रिक, ट्रेंडी प्रिंट्स और सॉफ्ट कलर्स के साथ आप गर्मियों में भी स्टाइलिश और कंफर्टेबल दोनों रह सकती हैं।
