Uttrakhand: जूता है जापानी, पतलून इंग्लिस्तानी…फिर भी स्वैग ‘हल्द्वानी’

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पवन कुंवर, हल्द्वानी। मेरा जूता है जापानी, ये पतलून इंग्लिस्तानी, सर पे लाल टोपी रूसी, फिर भी दिल है हिन्दुस्तानी…। राज कपूर की मशहूर फिल्म श्री 420 (1955) के गीत को मानो हल्द्वानी के युवा इन दिनों जीवंत कर रहे हों। दरअसल, यहां के युवाओं पर ''स्ट्रीटवियर'' का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। शहर के युवा अब दिल्ली या मुंबई के युवाओं से पीछे नहीं है। वे अब ग्लोबल ट्रेंड्स को तुरंत अपना रहे हैं। फैशन के चक्र ने एक बार फिर पुराने दौर की याद ताजा कर दी है।

शहर की सड़कों से लेकर कॉलेजों के गलियारों तक के युवाओं का ''लुक'' पूरी तरह बदल चुका है। कभी फिटिंग और स्लिम-फिट कपड़ों के दीवाने रहने वाले युवाओं पर ओवरसाइज्ड कपड़े उनकी सिग्नेचर-स्टाइल बन चुके हैं। यानी क्रेज इंटरनेशनल है लेकिन स्वैग हल्द्वानी वाला ही है। शहर के प्रमुख बाजारों में अब टाइट जींस की जगह ढीली-ढाली बैगी जींस और फिटिंग शर्ट्स की जगह ओवरसाइज्ड टी-शर्ट्स ने ले ली है। शहर के दुकानदारों की मानें तो इन दिनों ''बैक प्रिंट'' वाली टी-शर्ट्स की मांग में 70 प्रतिशत तक का उछाल आया है।
टी-शर्ट के पीछे बने बड़े ग्राफिक्स, जापानी एनिमे कैरेक्टर्स और मोटिवेशनल कोट्स युवाओं को अपनी ओर खींच रहे हैं। कॉलेज जाने वाले छात्रों का कहना है कि ये कपड़े न केवल पहनने में आरामदायक हैं, बल्कि उन्हें एक अलग पहचान भी देते हैं।

''एसिड वॉश'' टी-शर्ट्स अपनी ''रफ एंड टफ'' और विंटेज लुक के कारण ट्रेंड में हैं। मटर गली, मुखानी सड़क और हीरानगर के गारमेंट स्टोर्स पर इन दिनों युवाओं की भारी भीड़ देखी जा रही है, जो विशेष रूप से ऐसे वॉश और फैब्रिक की तलाश में पहुंच रहे हैं।

कार्गो और बैगी जींस: कंफर्ट के साथ स्टाइल
जींस की दुनिया में बड़ा बदलाव आया है। अब युवा कार्गो पेंट्स को तरजीह दे रहे हैं, जिनमें मल्टीपल पॉकेट्स (जेबें) होती हैं। यह स्टाइल न केवल कूल भी है। इसके साथ ही, बैगी जींस को चंकी स्नीकर्स के साथ पेयर करना शहर का नया ''सिग्नेचर स्टाइल'' बन गया है।

पुराने समय के रेट्रो स्टाइल जूतों का क्रेज
हल्द्वानी। यहा के युवा ऐसा फुटवियर चुन रहा है जो दिखने में स्टाइलिश हो और पहनने में आरामदायक भी। ऐसे में पुराने समय के रेट्रो स्टाइल के जूते भी फिर से लोकप्रिय हैं। रंग-बिरंगे और यूनिक डिजाइन वाले शूज युवाओं की पहली पसंद बनते जा रहे हैं, जिससे उनकी पर्सनैलिटी भी झलकती है। फैशन एक्सपर्ट्स के अनुसार, आजकल के ट्रेंड में कम्फर्ट के साथ-साथ स्टाइल को भी उतना ही महत्व दिया जा रहा है। यही कारण है कि सूएड मटेरियल और मजबूत सोल वाले शूज भी बाजार में तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।

संबंधित समाचार