अयोध्या में UP42 नंबर की गाड़ियों को मिलेगी बड़ी राहत : सभी बैरियरों पर फ्री करने की योजना, कुछ पर समयानुसार मिलेगी छूट

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-यलो जोन में कम होगी बैरियरों की संख्या  -यलो जोन से बैरियर हटाने का 24 घंटे का हुआ ट्रायल -दोपहर बाद पोस्ट आफिस चौराहे से हासिम अंसारी बैरियर तक मार्ग बंद

विशाल तिवारी/अयोध्या, अमृत विचार । विगत दिनों नई दिल्ली में अयोध्या पर्व के दौरान गूंजे रामनगरी के दर्द के बाद जिला प्रशासन द्वारा बंदिशों में दिए गए राहत के प्रयोग के पीछे की कहानी कुछ अलग ही है। सब ठीक रहा तो जल्द ही यूपी 42 नंबर के वाहनों को सभी बैरियरों से आने जाने की छूट मिलेगी। साथ ही यलो जोन से कुछ बैरियर हटाए भी जाएंगे। कुछ पर समयानुसार ढील दी जाएगी।

अयोध्यावासियों को सुरक्षा प्रतिबंधों में राहत देने के लिए पुलिस ने कार्ययोजना बना ली है। इसके तहत प्रयोग के तौर पर शनिवार की शाम से 24 घंटे के लिए यलो जोन के 52 बैरियरों को हटा दिए गए। हालांकि इसका मिला जुला असर दिखा। श्रीराम अस्पताल से पोस्ट आफिस तिराहे तक जाम की स्थिति रही। साथ ही प्रवेश में छूट पाने से बाहरी गाड़ियां राम मंदिर व हनुमानगढ़ी के पास रामपथ पर खड़ी हो गईं।

हालांकि रविवार के अवकाश व दोपहर में कड़ी धूप के चलते श्रद्धालुओं की संख्या कम होने से अन्य स्थानों पर जाम की स्थिति नहीं रही। शाम को भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने पोस्ट आफिस तिराहे से हाशिम अंसारी बैरियर तक के मार्ग पर वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह कवायद अयोध्यावासियों को आने जाने में छूट देने के लिए की जा रही है। इसकी पहल एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने की है। उनकी योजना जिले के वाहन नंबर यूपी-42 वाले वाहनों (जो अयोध्या धाम क्षेत्र में रहते हैं) को सभी बैरियर पर आने जाने पर रोकटोक से मुक्त करने की है। योजना के अनुसार यलो जोन के बैरियरों की संख्या कम की जा सकती है। साथ कुछ संवेदनशील बैरियरों पर कुछ समय के लिए छूट भी दी जा सकती है।

ट्रायल की बनाई गई वीडियो, जल्द होगा फैसला

-24 घंटे तक पुलिस व यातायात विभाग द्वारा किए इस प्रयोग की जगह-जगह वीडियोग्राफी भी कराई गई। जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा समस्या बाहरी चार पहिया वाहनों के प्रवेश से आई। रामपथ पर श्रीराम अस्पताल से श्रीराम जन्मभूमि पथ-हनुमानगढ़ी चौराहा, श्रृंगारहाट, तुलसी उद्यान, लता चौक आदि महत्वपूर्ण स्थानों पर यह वाहन खड़े हो गए। इसे यातायात के साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी अतिसंवेदनशील माना गया। उचित स्थानों पर वाहन पार्किंग न होने की समस्या को भी गंभीरता से लिया। हालांकि रविवार को भीड़ ज्यादा न होने से जाम की समस्या का आकलन ठीक से नहीं हो सका। इन सभी समस्याओं को लेकर जल्द ही एसएसपी जिले के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व आम लोगों से राय लेंगे।

यलो जोन में बढ़ाई गई पास की सुविधा

-इस प्रयोग से पहले ही यलो जोन में वाहनों से आने जाने के लिए पास जारी करने की योजना को और विस्तृत किया गया। रविवार को रामकथा पार्क में यातायात पुलिस द्वारा शिविर लगाया गया। इसमें करीब दो सौ लोगों ने आवेदन किया। जल्द ही आवेदनों की जांच कर पास जारी किए जाएंगे। अगला शिविर 26 अप्रैल को आरटीओ कार्यालय में आयोजित होगा।

हाशिम अंसारी आवास से रेलवे स्टेशन मार्ग पर पार्किंग बनाने की योजना

बाहरी वाहनों को हाशिम अंसारी आवास के पास बने बैरियर तक आने की छूट देने की योजना है। इसके लिए यहां से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन तक करीब चार सौ मीटर फोरलेन मार्ग पर वाहनों को पार्क कराने की योजना है। हालांकि यहां पार्किंग फुल होने के बाद टेढ़ी बाजार से वाहनों का प्रवेश रोक दिया जाएगा। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालु राम मंदिर के और करीब तक पहुंच सकेंगे।लोग बोले, सहुलियत चाहिए, लेकिन सुरक्षा से समझौता नहीं

-अयोध्यावासियों को आवागमन में छूट देने की यह प्रशासन की यह पहल सराहनीय है। परिक्षेत्र के आईजी रह चुके व वर्तमान में एडीजी जोन लखनऊ प्रवीण कुमार भी इस पक्ष में थे। आज यह प्रयास हो रहा है तो निसंदेह इसमें उनका बड़ा योगदान होगा। फिलहाल आने जाने की छूट जरूर मिले, लेकिन रामनगरी की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा के साथ अतिथि सत्कार का भाव देना हमारा दायित्व है। प्रशासन की योजना में हमारा पूरा सहयोग रहेगा।

इं. सिद्यांत सिंह, अयोध्या

-योगी जी की अगुवाई में जिला प्रशासन का यह प्रयास बेहद सराहनीय है। इससे स्थानीय लोगों के साथ साधु संतों को भी बैरियर पर सुरक्षा बलों की अनुनय विनय नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय लोगों के वाहनों को बैरियर पर रोक टोक न होने से हम सभी खुश हैं। प्रदेश सरकार ने अयोध्यावासियों की सुध ली, इसे लिए उन्हे सादर आभार।

महंत सत्येंद्र दास वेदांती, राम जानकी मंदिर।

 

 

संबंधित समाचार