UP में बढ़ा गर्मी का सितम : प्रयागराज 43 डिग्री के साथ सबसे गर्म, जानिए अन्य जिलों का हाल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और सोमवार को राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के अनेक जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र द्वारा जारी उष्ण लहर बुलेटिन के अनुसार सोमवार दोपहर 2:30 बजे प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा सुल्तानपुर में 42.8 डिग्री, वाराणसी एयरपोर्ट में 42.4 डिग्री, झांसी में 42.4 डिग्री, वाराणसी बीएचयू में 42.0 डिग्री और बहराइच में 42.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बुलेटिन के अनुसार फुरसतगंज में 41.2 डिग्री, आजमगढ़ में 41.6 डिग्री, लखनऊ में 41.6 डिग्री, आगरा ताज में 41.8 डिग्री, गोरखपुर में 40.4 डिग्री, बरेली में 40.2 डिग्री तथा मेरठ में 40.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कानपुर नगर का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, हालांकि 2:30 बजे के प्रेक्षण में उसका आंकड़ा 40 डिग्री से नीचे रहा।

मौसम विभाग ने कहा है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है, जिससे अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। विभाग ने 20 अप्रैल को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं जिलों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना जताई है।

21 अप्रैल को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया तथा शाहजहांपुर में लू की चेतावनी जारी की गई है। 22 अप्रैल को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर में गर्म हवाएं चल सकती हैं।

23 और 24 अप्रैल को भी पूर्वी तथा बुंदेलखंड क्षेत्र के साथ मध्य उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में लू का असर बने रहने की संभावना व्यक्त की गई है। 24 अप्रैल को कानपुर नगर और कानपुर देहात भी लू प्रभावित जिलों में शामिल किए गए हैं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती वस्त्र पहनने और बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। किसानों को गन्ना, ग्रीष्मकालीन मक्का, दलहन तथा सब्जी फसलों में सिंचाई जारी रखने को कहा गया है।  

संबंधित समाचार