मथुरा प्रशासन ने बड़ा निर्णय, बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में दुकानों-फ्लैटों के आवंटन में 'पहले आओ-पहले पाओ' सिद्धांत लागू 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मथुरा। श्री बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र वृंदावन में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के व्यापक विकास के लिए मथुरा प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में गठित हाई पावर्ड कमेटी की 14वीं बैठक में दुकानों और फ्लैटों के आवंटन के लिए "पहले आओ-पहले पाओ" का सिद्धांत लागू करने का निर्णय लिया गया है। 

उन्होंने बताया कि कमेटी की बैठक अध्यक्ष एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में तय किया गया कि जो व्यक्ति अपनी दुकान या भवन का बैनामा पहले ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के नाम करेगा, उसे वरीयता क्रम में दुकान अथवा फ्लैट का आवंटन किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भूमि क्रय की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। 

योजना के तहत क्षेत्र में आधुनिक जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन मिल सकेंगे तथा भीड़ का दबाव कम होगा। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित लोगों को पर्याप्त मुआवजा दिया जा रहा है। दुकानदारों को दुकान के बदले दुकान तथा निवासियों को मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख और रुक्मणी विहार में फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। 

योजना के अंतर्गत मंदिर क्षेत्र में चौड़े प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा और बेहतर भीड़ प्रबंधन जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इससे श्रद्धालुओं को राहत मिलने के साथ ही ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। 

जिला मजिस्ट्रेट चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सप्ताह बिहारी जी मंदिर के पक्ष में कई रजिस्ट्रियां संपन्न हो जाएंगी। 

ये भी पढ़ें :
काशी के अहिल्याबाई घाट पर टला बड़ा हादसा : पुलिस ने गंगा में डूब रहे 3 युवकों को सुरक्षित निकाला, जारी किया अलर्ट

 

संबंधित समाचार