शाकुम्भरी देवी कॉरिडोर का प्रमुख सचिव ने किया निरीक्षण, मानक के अनुरूप कार्य न करने पर जताई नाराजगी
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित मां शाकुम्भरी देवी सिद्धपीठ मंदिर में निर्माणाधीन पर्यटन कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत बाउंड्री वॉल का कार्य मानक के अनुरूप न पाए जाने पर प्रदेश के प्रमुख सचिव ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को इसे एक माह के भीतर ठीक कराने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव, कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग उत्तर प्रदेश शासन तथा जनपद के नोडल अधिकारी रविंद्र ने सोमवार को मां शाकुम्भरी देवी सिद्धपीठ मंदिर में निर्माणाधीन पर्यटन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यटन कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सोविनियर शॉप, टॉयलेट ब्लॉक, टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर और मल्टीलेवल पार्किंग की भौतिक प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बाउंड्री वॉल निर्माण में पीसीसी कार्य को पार्टवाइज किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे मानक के अनुरूप पुनः एक माह के भीतर ठीक कराने को कहा।
निरीक्षण में टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर का कार्य स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप पाया गया। सरिया और ईंटों की गुणवत्ता भी संतोषजनक मिली। मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण कार्य भी संतोषजनक पाया गया। नोडल अधिकारी ने कहा कि मां शाकुम्भरी देवी सिद्धपीठ मंदिर में निर्माणाधीन पर्यटन विकास परियोजनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इन्हें समयबद्धता तथा गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
