Bareilly : जमे सीमेंट से नाला निर्माण, फर्म पर 50 हजार जुर्माना
पिंक सिटी कॉलोनी से महिला पॉलिटेक्निक तक निर्माण में लापरवाही हुई उजागर
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम की ओर से शहर में कराए जा रहे निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार और लापरवाही के मामले थम नहीं रहे हैं। नया मामला वार्ड संख्या 37 का है, जहां रामपुर रोड स्थित पिंक सिटी कॉलोनी से महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज तक बन रहे आरसीसी नाले के निर्माण में भारी अनियमितता पकड़ी गई है। पीजी कांट्रेक्टर की ओर से नाला निर्माण में पुराने और जमे हुए सीमेंट का प्रयोग किया जा रहा था। नगर निगम ने फर्म पर 50 हजार रुपये का जुर्माना डाला है।
सहायक अभियंता मुकेश शाक्य ने बताया कि 15 वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत इस नाले का कार्य 18 जुलाई तक पूरा होना था, लेकिन 10 अप्रैल को हुए औचक निरीक्षण में ठेकेदार की पोल खुल गई। अवर अभियंता की रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि निर्माण सामग्री अधोमानक है और बार-बार नोटिस देने के बाद भी फर्म के रवैये में कोई सुधार नहीं हुआ। नगर निगम ने इसे अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन मानते हुए दंडात्मक कार्रवाई की है। विभाग ने दो टूक कहा है कि यदि कार्य की गुणवत्ता में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के साथ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
