Bareilly:उर्स से लौट रहे बिहार के मौलाना तौसीफ की मौत पर दिल्ली तक तूफान
बरेली, अमृत विचार। उर्से ताजुश्शरिया में शामिल होकर बिहार लौट रहे मौलाना तौसीफ रजा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रकरण को हत्या से जोड़ते हुए परिवार ने कार्रवाई की मांग उठाई है, वहीं ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के साथ बिहार अल्पसंख्यक आयोग ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी भी मैदान में कूदते दिखाई दे रही है। हालांकि, पुलिस प्रारंभिक तौर पर हादसा मानते हुए आगे की छानबीन में जुटी है।
मौलाना तौसीफ रजा पिछले दिनों बिहार से बरेली में आयोजित उर्से ताजुश्शरिया में शिरकत करने आए थे। एसपी सिटी मानुष पारीक के अनुसार, बरेली कैंट थाना क्षेत्र में पालपुर रेलवे फाटक के पास 27 अप्रैल को ट्रैक किनारे एक व्यक्ति का शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था। मृतक की पहचान बिहार में किशनगंज जिले के पठावारी निवासी मौलाना तौसीफ रजा के रूप में की। पता होने पर बिहार से मौलाना का परिवार बरेली पहुंच गया था। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था।
प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने आशंका जताई थी कि मौलाना तौसीफ रजा ट्रेन में झपकी आने के दौरान गिर गए। जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, बाद में परिजनों ने मामला हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठा दी।
मृतक मौलाना की पत्नी तबस्सुम खातून ने पुलिस से कहा है कि 26 अप्रैल की रात उनकी शौहर से फोन पर बात हुई थी। उस दौरान वह काफी डरे हुए थे। उन्होंने बताया था कि ट्रेन में कुछ लोग उनके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसी आधार पर परिवार का आरोप है कि मारपीट के बाद उनको ट्रेन से फेंक दिया गया। बता दें कि बरेली में 24 और 25 अप्रैल को उर्से में शामिल होने के बाद मौलाना तौसीफ 26 अप्रैल को घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह अनहोनी हो गई। आरोपों के बीच मामले में राजनीति भी गरमा रही है।
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के प्रदेश महासचिव नदीम कुरैशी ने बताया कि मामले में कार्रवाई के लिए प्रतिनिधि मंडल के साथ वह शनिवार को डीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन देंगे। पुलिस अफसरों से भी मुलाकात करेंगे। परिवार की शिकायत पर अध्यक्ष बिहार अल्पसंख्यक आयोग ने राष्ट्रीय संगठन को पत्र लिखकर घटना की उच्चस्तरीय जांच की सिफारिश की है। एसपी सपी सिटी का कहना है कि मामले को लेकर परिजनों से बातचीत की गई है। यदि परिवार की ओर से तहरीर दी जाती है तो विधिवत जांच कराकर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है।
मुस्लिम जमाती ने कहा, सीबीआई जांच कराए सरकार
बिहार के मौलाना तौसीफ रजा की मौत पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना की सीबीआई जांच और पीड़ित परिवार को 5 लाख के मुआवजे की मांग उठाई है। मौलाना शहाबुद्दीन ने यूपी के मुख्यमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि मौलाना की मौत का सच सामने लाकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
