Bareilly:रिटायर एलआईयू दरोगा की पत्नी की सिर कुचलकर हत्या
बरेली, अमृत विचार। सेवानिवृत्त एलआईयू दरोगा की पत्नी को अगवा करने के बाद पाने से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने बिहारीपुर के युवक पर हत्या का शक जताया। देर रात पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसकी निशानदेही पर महिला का शव बरामद कर लिया।
सुभाषनगर के मढ़ीनाथ निवासी गजराज सिंह एलआईयू में दरोगा से रिटायर हुए थे। उनके रिश्तेदार रिंकू यादव ने बताया कि बिहारीपुर के वरुण पाराशरी का उनके घर आना जाना था। गजराज सिंह की पत्नी शारदा उसे परिवार का हिस्सा मानती थीं। शारदा शनिवार की दोपहर बैंक के लॉकर में जेवर रखने की बात कहकर घर से निकली थीं। इसके बाद वहनहीं लौटी। परिजनों ने पुलिस से इसकी शिकायत की लेकिन पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की।
इसके बाद परिवार वाले खुद शारदा को तलाश करने निकल पड़ा। उन्हें पता चला की शारदा को वरुण अपने साथ कार में ले गया है। इसके बाद उन्होंने सारी बात पुलिस को बताई। पुलिस ने सोमवार की शाम आरोपी को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने शारदा का शव जहानाबाद के पास बरामद कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी सिटी खुद पहुंचे मौके पर
आरोपी वरुण पाराशरी को हिरासत में लेने की जानकारी जब एसपी सिटी को हुई तो वह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल का जायजा लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद हत्या की बजह पता लग सकेगी।
कार में रखे पाने में लगा था खून
पुलिस ने वरुण की कार भी कब्जे में ले ली। कार में खून के निशान लगे थे। साथ ही गाड़ी में रखे पाने पर भी खून लगा था। माना जा रहा है कि वरुण ने पाने से शारदा के सिर पर हमला करके हत्या की है। परिजनों का कहना है शारदा सोने की चेन और अंगूठियां पहने रहती थीं। बताया जाता है कि वह लगभग छह तोला सोना पहने रहती थीं। परिजनों जेवरों के लिए हत्या की आशंका जताई।
11.54 बजे अरुण ने किया था शारदा को फोन
सर्विलांस के माध्यम से पता चला है कि शनिवार को शारदा को वरुण ने दिन में 11.54 बजे फोन किया था। इसके बाद वह 11.58 पर मढ़ीनाथ के पास लगे एक सीसीटीवी में एक कार में बैठकर जाते दिख रही हैं। वह कार वरुण की है।
वर्जन
एसपी सिटी मानुष परीक ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर महिला का शव बरामद कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण सामने आएगा। प्रथम दृष्टया सिर पर चोट लगने से मौत लग रही है।
