कानपुर : ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
कानपुर। कानपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फजलगंज क्षेत्र में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर एक लाख चार हजार रुपये, 15 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, हिसाब-किताब रजिस्टर तथा एक स्कॉर्पियो कार बरामद की है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि यह कार्रवाई बीती रात संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर की गई। सूचना मिली थी कि दादानगर ढाल से कंटेनर यार्ड मार्ग पर खड़ी एक काली स्कॉर्पियो में कुछ लोग मोबाइल ऐप के माध्यम से आईपीएल मैचों पर बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और पांचों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान बरामद मोबाइल फोन में सट्टेबाजी से संबंधित एप्लीकेशन, वेबसाइट, व्हाट्सएप चैट और लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं, जिससे गिरोह के संगठित रूप से लंबे समय से सक्रिय होने की पुष्टि हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नेटवर्क के उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों तक फैले होने की जानकारी दी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सौरभ गुप्ता, अभिषेक मित्तल, अनन्य वत्स, शुभम विजय (सभी निवासी मेरठ क्षेत्र) तथा अभिषेक जैन (निवासी कानपुर नगर) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना फजलगंज में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 एवं बीएनएस की धारा 112(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
