बाराबंकी : भीषण अग्निकांड में आधा दर्जन छप्पर जलकर राख, लाखों का नुकसान
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। बदोसरांय थाना क्षेत्र में रविवार रात भीषण आग लगने से आधा दर्जन छप्पर नुमा मकान जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से लाखों रुपये का घरेलू सामान, अनाज व नकदी नष्ट हो गई। हालांकि समय रहते ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम अल्पीपुरवा मजरे शेषपुर टूटरु में रविवार देर रात अचानक एक छप्पर से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने आसपास के कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक घरों में रखा सामान जल चुका था।
सूचना मिलने पर फायर प्रभारी रामसनेही के नेतृत्व में दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित दीपू लाल पुत्र रामकेश ने बताया कि आग में 36 हजार रुपये नकद, महिलाओं के जेवरात, सरसों, गेहूं, धान, साइकिल, मोबाइल फोन, गैस सिलेंडर, भूसा, बेड, चारपाइयां, पंखे समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई।
प्रभावित परिवारों में रिंकू, पिंटू, दीपू लाल, विजय कुमार, अजय कुमार, पवन कुमार और गिरधारी गौतम शामिल हैं। सोमवार को तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा एवं नायब तहसीलदार दिनेश कुमार पांडे राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लेकर पीड़ितों में राहत सामग्री वितरित की। तहसीलदार ने बताया कि क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है। आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
