पुलिस बैडमिंटन में CRPF-CISF चैंपियन, टेबल टेनिस में भी यूपी के खिलाड़ियों ने दिखाया दम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

पुरुष वर्ग में सीआरपीएफ और महिला वर्ग में सीआईएसएफ ने जीता खिताब

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश बैडमिंटन अकादमी में सोमवार को खेले गए ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप के टीम मुकाबलों में सीआरपीएफ की पुरुष और सीआईएसएफ की महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं मेजबान उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने भी दमदार खेल दिखाते हुए पुरुष वर्ग में तीसरा और महिला वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया।

Untitled design (48)

पुरुष वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में सीआरपीएफ ने असम राइफल्स को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। एकल मुकाबले में सीआरपीएफ के भारत ने हरिओम को 15-10, 15-7 से मात दी। इसके बाद युगल मुकाबले में भारत और निखिल की जोड़ी ने अवधेश और विनय को 15-11, 15-11 से शिकस्त देकर टीम को खिताब दिलाया।

महिला वर्ग के फाइनल में सीआईएसएफ ने मेजबान उत्तर प्रदेश को 2-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। अंशी रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले एकल मुकाबले में सिमरन चौधरी को हराया और फिर माही सेन के साथ युगल मुकाबले में भी जीत दर्ज कर टीम की जीत सुनिश्चित की।

उधर, यूपी टीटी कॉम्पलेक्स में चल रही टेबल टेनिस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। महिला युगल के 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में गुनगुन साहू और सृष्टि जायसवाल की जोड़ी ने मणिपुर को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में सहर महबूब और अर्चना की जोड़ी ने मिजोरम को शिकस्त देकर अंतिम चार में प्रवेश किया।

महिला एकल में सृष्टि जायसवाल, रानी सिंह, रोमी और गुनगुन साहू ने शानदार खेल दिखाते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पुरुष वर्ग के 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में राहुल चौधरी, अरशद और सुब्रत राज ने अंतिम 16 में प्रवेश किया। वहीं 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में जीतेंद्र सिंह और महेश चंद्र पांडेय ने भी शानदार जीत दर्ज कर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

ये भी पढ़ें : 
Playoff से बाहर LSG,कप्तान ऋषभ पंत समेत बड़े सितारे रहे फ्लॉप, बड़े खिलाड़ियों का लगातार खराब प्रदर्शन बना हार की वजह

संबंधित समाचार