प्रतापगढ़ में शिक्षामित्र ने खुद को मारी गोली, परिवार ने बताई ये बड़ी वजह
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापन कार्य में सहायता करने वाले 35 वर्षीय शिक्षामित्र ने प्रतापगढ़ जिले में अपने घर पर पिस्तौल से गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत राज हुद्दार ने बताया कि देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव के निवासी योगेन्द्र सरोज इलाके के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात थे।
पुलिस ने बताया कि सरोज सोमवार शाम स्कूल से घर लौटे और बाद में अपने कमरे में खुद को गोली मार ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। अधिकारी ने बताया कि उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कहा कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर, शव परीक्षण दो डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा किया गया और वीडियोग्राफी की गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सरोज पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
