Moradabad: देश की सैन्य शक्ति और पराक्रम का साक्षी है वार मेमोरियल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के साथ बुद्धि विहार फेज दो में स्थित त्रिशूल रक्षा संग्रहालय (वार मेमोरियल म्यूजियम) का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने वॉर मेमोरियल म्यूजियम में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी जिलाधिकारी को दी। जिलाधिकारी ने वार मेमोरियल को देखने के बाद कहा कि यदि मुरादाबाद में वार मेमोरियल नहीं देखा तो क्या देखा, यह अनोखा और देश की सैन्य शक्ति का साक्षी है। यह म्यूजियम युवाओं और आम नागरिकों को वीर सैनिकों के शौर्य, बलिदान और इतिहास की बेहतर जानकारी देने वाला साबित होगा।

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा कि वॉर मेमोरियल उद्घाटन के लिए तैयार है। इसके संबंध में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात हो चुकी है। दोनों को इसके लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि वार मेमोरियल सेना के अदम्य साहस का गौरवशाली इतिहास, वीरता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।

31 करोड़ रुपये की लागत से बना है वॉर मेमोरियल
बुद्धि विहार में दो एकड़ से अधिक भूमि पर नगर निगम के द्वारा 31 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से त्रिशूल रक्षा संग्रहालय (वार मेमोरियल) का निर्माण कराया गया है। इसमें सेना के तीनों अंगों के शौर्य व साहस के बारे में वर्णित किया गया। कई अत्याधुनिक सैन्य हथियारों के मॉडल भी यहां प्रदर्शित किए गए हैं। इसमें मिग 27 के अलावा कई जलपोत भी शामिल हैं।

शौर्य पथ पर स्थापित हैं वीरों की प्रतिमाएं
बुद्धि विहार में स्थापित वार मेमोरियल के आसपास के चौराहों को शौर्य पथ के रूप में विकसित किया गया है। इस पर परमवीर चक्र विजेताओं और अमर शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। जो युवा पीढ़ी को वीर सैनिकों के साहस, अनुशासन और राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए देश के नागरिकों को संदेश देती हैं।

संबंधित समाचार