यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथ स्तर पर मजबूत संगठन पर जोर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और प्रत्येक बूथ पर विजय सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने की, जबकि प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों ने भाग लिया। संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया। बैठक में जिला समितियों, मंडल समितियों, शक्तिकेंद्र और बूथ समितियों के सत्यापन कार्य की समीक्षा के साथ आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इस दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 के लिए प्रत्येक बूथ पर निश्चित विजय का लक्ष्य लेकर योजनाबद्ध ढंग से कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर भाजपा को पूर्व चुनावों में सफलता मिली है, वहां जीत के अंतर को और बढ़ाया जाए, जबकि कमजोर बूथों पर विशेष मेहनत कर उन्हें भाजपा के पक्ष में लाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा को 2017 से भी बड़ी विजय 2027 में प्राप्त करने के संकल्प के साथ कार्य करना है। बूथ स्तर पर प्रत्येक कार्यकर्ता की क्षमता का उपयोग, सामूहिकता, समन्वय और प्रभावी रणनीति को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है।
पंकज चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास न कोई नीति है, न कार्यक्रम और न ही जनहित के लिए कोई विजन है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल झूठ, भ्रम और शोर मचाने की राजनीति कर रहा है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को अधिक सजग होकर घर-घर जाकर विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देना होगा।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने जिला, मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ समितियों के सत्यापन कार्य की समीक्षा करते हुए नियमित बैठकों के आयोजन पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला समितियों की बैठकें प्रत्येक माह 1 से 15 तारीख के बीच आयोजित हों, जबकि प्रथम सप्ताह में मंडल समिति, तृतीय सप्ताह में शक्तिकेंद्र और अंतिम सप्ताह में 'मन की बात' कार्यक्रम के साथ बूथ समिति की बैठकें नियमित रूप से संपन्न कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि आगामी समय में विधानसभा स्तर पर बूथ अध्यक्ष बैठकों का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही बूथ समितियों के सत्यापन कार्य में सक्रिय और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपने तथा पुराने एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं को भी पुनः सक्रिय करने पर बल दिया गया।
