UP: गंगा एक्सप्रेस-वे पर ट्रक ने खड़े लोगों को रौंदा, एक की मौत
संभल, अमृत विचार। गंगा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस का टायर बदलते समय नीचे खड़े यात्रियों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसा थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव सैंडा उर्फ सहरा स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के करीब 3:45 बजे हुआ। बताया गया कि पंजाब जा रही डबल डेकर बस का पिछला टायर फट गया था। इसके बाद चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदलना शुरू कर दिया। इस दौरान कई यात्री बस से उतरकर नीचे खड़े हो गए। इसी बीच पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने बस के बराबर में खड़े 3 यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
यात्रियों का आरोप है कि बस चालक ने वाहन को साइड में खड़ा तो कर दिया, लेकिन इंडिकेटर नहीं जलाए। सूचना पर यूपीडा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने संतराम (35) निवासी गांव पश्चिमी केवटन पूर्वा, थाना इकौना, जिला श्रावस्ती को मृत घोषित कर दिया। संतराम पंजाब के मोगा में सब्जी की रेहड़ी लगाता था। हादसे में गांव का ही गुड्डू (45) भी घायल हुआ है। थाना प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
